भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस-एसएसबी ने की पैदल गश्त
बलरामपुर में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने पैदल गश्त की। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। सुरक्षा को बढ़ाने के लिए ग्रामीण्युक्त और स्थानीय लोगों को सहयोग के लिए जागरूक किया गया।

बलरामपुर, संवाददाता। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंगलवार को पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करते हुए सीमावर्ती क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती गई। पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान सीमावर्ती गांवों, संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संयुक्त टीम ने भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। टीम ने अवैध तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव व गौ तस्करी, अवैध कटान, अवैध खनन व घुसपैठ जैसी गतिविधियों पर नजर रखी।
गश्त के दौरान पुलिस व एसएसबी जवानों ने ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों और स्थानीय संभ्रांत लोगों से संवाद किया। ग्रामीणों से सीमा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। आम लोगों को कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा अभियान में सहयोग करने के लिए जागरूक किया गया। एसपी ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस और एसएसबी की संयुक्त गश्त व चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।


