स्वतंत्रता दिवस को लेकर स्टेशनों पर बढ़ी सुरक्षा
बरौनी रेलवे स्टेशन पर स्वतंत्रता दिवस के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आरपीएफ और जीआरपी द्वारा यात्रियों को जागरूक करने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध वस्तुओं की सूचना देने की सलाह दी गई है। स्टेशन पर अतिरिक्त पुलिस जवान तैनात हैं और लगातार पेट्रोलिंग हो रही है।

बरौनी, निज संवाददाता। रेल प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को लेकर बरौनी व आसपास के रेलवे स्टेशन की सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त के लिए जांच एजेंसियों को कड़ा निर्देश जारी किया है। आरपीएफ के साथ ही जीआरपी द्वारा भी स्टेशन पर यात्रियों को जागरूक करने व चेकिंग अभियान पर जोर दिया जा रहा है। यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है कि स्टेशन परिसर में उन्हें कोई भी संदिग्ध बैग आदि मिलता है तो उसकी सूचना तुरंत आरपीएफ व जीआरपी को दें। वहीं, पुलिस के जवान शक होने पर यात्रियों के साथ-साथ सामान की चेकिंग भी कर रहे हैं।
रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म पर अतिरिक्त जवान तैनात कर चप्पे चप्पे पर निगाह रखी जा रही है। इसके अलावा रेलवे ट्रैकों की भी पेट्रोलिंग की जा रही है। स्टेशन पर जांच एजेंसियां लगातार चेकिंग अभियान चला रही हैं। बरौनी होकर गुजरने वाली ट्रेनों में भी जांच-पड़ताल की जा रही है। आरपीएफ इंस्पेक्टर लोकेश साव व जीआरपी थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि 15 अगस्त को लेकर स्टेशन पर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखकर यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है।


