पितृपक्ष मेले में गया जंक्शन की सुरक्षा होगी और मजबूत
विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2026 को लेकर गया जंक्शन सहित रेल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी। सुरक्षा और सहायता की व्यवस्था के लिए आरपीएफ, जीआरपी, जिला पुलिस तथा रेल व जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय किया जाएगा। सुरक्षा में पुख्तगी के लिए अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।

विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2026 को लेकर गया जंक्शन सहित रेल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी। श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए आरपीएफ, जीआरपी, जिला पुलिस तथा रेल व जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ सुरक्षा और सहायता की व्यवस्था की जाएगी। सोमवार को पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सह आरपीएफ आईजी अमरेश कुमार ने गया जंक्शन पहुंचकर मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्रियों के आवागमन, भीड़ नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। सेंट्रल फूड ओवरब्रिज से जुड़े प्लेटफॉर्म संख्या 4-5 और 6-7 की संकीर्ण सीढ़ियों के पास पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने भीड़ के बीच विशेष सतर्कता के लिए अधिकारी और जवानों की तैनाती बढ़ाने का निर्देश दिया। आईजी ने दिल्ली साइड, सभी प्लेटफॉर्म और बाहरी परिसर का भी निरीक्षण किया। तीर्थयात्रियों के ठहराव तथा प्रवेश और निकास की व्यवस्था की जानकारी ली।
समीक्षा बैठक और सुरक्षा संबंधी निर्देश
इसके बाद आरपीएफ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने पर चर्चा की। उन्होंने सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी बनारसी यादव और सीआईबी इंस्पेक्टर चंदन कुमार को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर नजर रखने, पर्याप्त बल की व्यवस्था करने तथा निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाने को कहा। श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं हो, इसके लिए रेलवे के विभिन्न विभागों और संबंधित एजेसियों के साथ समन्वय बनाए रखने का भी निर्देश दिया।
गया जी से राजेश कुमार मिक्की की रिपोर्ट


