अकोढ़ीगोला के शिक्षक को मिला राष्ट्रीय सम्मान
दीपक कुमार चौधरी, जो अकोढ़ीगोला प्रखंड के पीएम श्री चौबे जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय में अंग्रेजी शिक्षक हैं, को राष्ट्रीय एसटीटीईएआर एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें नई दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एजुकेशन कॉन्फ्रेंस 2026 में टीचर ऑफ द ईयर-इनोवेशन इन टीचिंग श्रेणी में दिया गया।

सासाराम, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। अकोढ़ीगोला प्रखंड के तेतराढ़ पंचायत स्थित पीएम श्री चौबे जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय भीमकरूप के अंग्रेजी शिक्षक दीपक कुमार चौधरी को राष्ट्रीय स्तर पर एसटीटीईएआर एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान नई दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ग्लोबल एजुकेशन कॉन्फ्रेंस 2026 में टीचर ऑफ द ईयर-इनोवेशन इन टीचिंग श्रेणी में दिया गया। शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और नवाचार के लिए उन्हें यह सम्मान मिला है। दीपक अंग्रेजी विषय को सरल, रुचिकर और व्यावहारिक बनाने के लिए डिजिटल टूल्स एवं गतिविधि आधारित शिक्षण का प्रयोग करते हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में अंग्रेजी सीखने के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ा है।
सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में मानवीय बुद्धिमत्ता के सदुपयोग पर चर्चा हुई। सम्मान मिलने पर विद्यालय परिवार और क्षेत्र के शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी।


