इंजीनियर से मारपीट पर डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ में रोष
रुद्रपुर, बाजपुर के लेवड़ा पुल के पास अभियंता के साथ मारपीट की गई। इंजीनियर्स संघ ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। संघ का कहना है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। घटना से कर्मचारियों में भय का माहौल है। सामूहिक फैसले के तहत जल्द कानूनी कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

रुद्रपुर, संवाददाता। बाजपुर के लेवड़ा पुल के पास अपर सहायक अभियंता के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना को लेकर लोक निर्माण विभाग के उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ में आक्रोश है। संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में दोषियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की मांग की। संघ ने चेताया कि कार्रवाई नहीं होने पर क्षेत्रीय कार्यकारिणी के निर्देश पर आंदोलनात्मक कदम उठाए जा सकते हैं। ज्ञापन में संघ ने आरोप लगाया कि रविवार को बाजपुर लेवड़ा पुल के पास प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बाजपुर के एक पूर्व विधायक प्रत्याशी और उनके साथियों ने अपर सहायक अभियंता के साथ मारपीट की और उनके चेहरे पर कीचड़ पोतकर दुर्व्यवहार किया।
घटना की निंदा
संघ ने घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए कहा कि इससे प्रदेशभर के इंजीनियरों में रोष है और फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों में सरकारी कार्यों के निर्वहन को लेकर भय का माहौल पैदा हुआ है। वहीं इससे पहले सोमवार को डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ खटीमा के सदस्यों ने कार्यालय में बैठक कर घटना पर रोष जताया और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। संघ ने कहा कि राजकीय कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि कर्मचारियों का मनोबल बना रहे और वह निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
आंदोलन की चेतावनी
संघ ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रीय कार्यकारिणी के निर्देशानुसार, अग्रिम कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इससे वर्तमान आपदा के दौरान किए जा रहे राहत एवं अन्य राजकीय कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है। अभियंताओं ने निर्णय लिया कि इस कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रीय कार्यकारिणी की ओर से दिए जाने वाले अग्रिम निर्देशों के अनुसार सभी सदस्य आगे की कार्रवाई में शामिल होंगे। यहां सहायक अभियंता पीपी तिवारी, संतोष कुमार, गिरीश भट्ट, पीयूष शर्मा तथा अपर सहायक अभियंता ललिता बिष्ट, धनंजय नौटियाल, गिरीश लोहनी, आदर्श, ईश्वर जोशी, हरीश कंवर, दुर्गेश रावत, योगेश और विमल भट्ट समेत अन्य अभियंता मौजूद रहे।


