इंजीनियर्स डे पर 44 यूनिट रक्तदान
उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने इंजीनियर्स डे पर सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया, जिसमें 44 यूनिट रक्तदान किया गया। महासंघ के संस्थापक आरके दत्ता को श्रद्धांजलि दी गई। यह शिविर हर साल इस दिन आरके दत्ता की पुण्यतिथि पर आयोजित किया जाता है।

इंजीनियर्स डे पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की ओर से सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में रक्तदान शिविर लगाया गया। महासंघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने 44 यूनिट रक्तदान किया। इससे पहले हवन और श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर महासंघ के संस्थापक स्व. आरके दत्ता को श्रद्धांजलि दी गई।महासंघ के संरक्षक इंजीनियर अनिल दीक्षित ने बताया कि भारत के प्रथम भारतीय इंजीनियर भारतरत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरय्या की जयंती पर 15 सितंबर को इंजीनियर्स डे मनाया जाता है। इसी दिन महासंघ के संस्थापक आरके दत्ता की पुण्यतिथि भी होती है। उनके निधन का कारण खून की कमी बताया गया था। इसी वजह से महासंघ की ओर से हर वर्ष इस दिन रक्तदान शिविर लगाया जाता है।सिंचाई
विभाग शारदा नहर खंड के अधिशासी अभियंता इंजीनियर सुनील कुमार भास्कर ने रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक परिकल्पना करते हैं, जिसे मूर्त रूप इंजीनियर देते हैं। जनपद सचिव इंजीनियर अहमद मुबीन ने रक्तदान को पुनीत कार्य बताया। अधीक्षक डॉ. शोभा बाजपेयी ने कहा कि एक यूनिट रक्त से चार लोगों की जान बचाई जा सकती है।शिविर में सहायक अभियंता रितुराज सिंह, सर्वेश कुमार राठौर, जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह, जनपद सचिव बृजेश कुमार समेत बड़ी संख्या में अवर अभियंता और बिजली विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. गौरी, परामर्शदाता छाया सक्सेना, लैब टेक्नीशियन महेंद्र त्रिपाठी और सतेंद्र कुमार शामिल रहे।


