अभियंता दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई नवाचार और तकनीकी प्रतिभा
अभियंता दिवस पर गुरुकुल कांगड़ी के अभियंत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में छात्रों ने नवाचार के जरिए विभिन्न समस्याओं के तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए। 30 दलों ने हैकाथॉन में भाग लिया और फसल रोग, भूस्खलन चेतावनी, साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर विद्यार्थियों की सराहना की गई।

अभियंता दिवस पर गुरुकुल कांगड़ी के अभियंत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में विद्यार्थियों ने नवाचार और तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 के आंतरिक हैकाथॉन में 30 टीमों ने कृषि, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा, शिक्षा, पर्यटन और जलवायु समेत विभिन्न क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं के तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए। संकाय से 36 टीमों ने हैकाथॉन में भाग लेने के लिए आवेदन किया था। संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों ने महान अभियंता एवं राष्ट्रनिर्माता भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के योगदान को याद किया। विभागाध्यक्ष डॉ. एमएम तिवारी ने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों और सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया।
आईआईसी संयोजक डॉ. लोकेश जोशी ने बताया कि नवाचार दूत पाठ्यक्रम पूरा करने वाले 25 विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र दिए गए। डॉ. निशांत कुमार ने तकनीकी ज्ञान का उपयोग समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान में करने की अपील की।हैकाथॉन में फसल रोगों की पहचान, भूस्खलन की पूर्व चेतावनी, मौसम पूर्वानुमान, भू-स्थानिक तकनीक, औद्योगिक सुरक्षा, साइबर खतरों की पहचान, सांस्कृतिक विरासत और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों पर समाधान प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर डॉ. अनूज शर्मा, डॉ. आशीष नैनवाल, अभिशांत शर्मा, आयुष कुमार और डॉ. अतुल वर्ष्णेय शामिल रहे। कंप्यूटर विज्ञान विभाग ने ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की। सहायक कुलसचिव प्रो. पंकज कौशिक ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।

