औद्योगिक संयंत्र के उत्पादन को सुरक्षित व बेहतर बनाना जरूरी
कानपुर में सीएसजेएमयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में अभियंता दिवस पर पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। 30 मेधावी छात्रों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. नितिन कैस्थ ने तकनीकी नवाचार और आर्थिक प्रणाली पर प्रकाश डाला।

कानपुर। प्रमुख संवाददाता सीएसजेएमयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में मंगलवार को अभियंता दिवस पर छात्र पुरस्कार समारोह का आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न वर्षों में बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले 30 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। छात्रों को तकनीकी क्षेत्र में उत्कृष्टता के साथ नवाचार और शोध के लिए भी प्रेरित किया गया।समारोह के मुख्य अतिथि आईआईटी कानपुर के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. नितिन कैस्थ रहे। उन्होंने ‘प्लांटवाइड कंट्रोल टू इकोनॉमिक ऑप्टिमम’ विषय पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी औद्योगिक संयंत्र में केवल उत्पादन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नियंत्रण प्रणाली को इस तरह विकसित करना जरूरी है कि उत्पादन प्रक्रिया सुरक्षित और बेहतर होने के साथ आर्थिक रूप से भी अधिक प्रभावी हो।
कार्यक्रम में डीन एकेडमिक्स प्रो. बृष्टि मित्रा, डीन इंजीनियरिंग प्रो. विशाल अवस्थी और यूआईईटी निदेशक प्रो. आलोक कुमार मौजूद रहे। प्रो. अभिषेक चंद्र, प्रो. रामेंद्र सिंह निरंजन, डॉ. अजीत कुमार श्रीवास्तव, डॉ. गौरव कुमार पांडेय और डॉ. विनय कुमार सचान समेत शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।


