चंदनकियारी इंजीनियरिंग कॉलेज को मिलेगा अत्याधुनिक स्वरूप, सचिव ने विस्तार व सौंदर्यीकरण का दिया निर्देश
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव राहुल पुरवार ने चंदनकियारी में नव निर्मित इंजीनियरिंग कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर के विस्तार और आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। कॉलेज में छात्राओं के लिए हॉस्टल, खेल परिसर और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। कक्षाएं जल्द ही शुरू होने की संभावना है।

चंदनकियारी, प्रतिनिधि। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव राहुल पुरवार ने मंगलवार को चंदनकियारी के बरमसिया-घोड़ागाढ़ा स्थित नव निर्मित इंजीनियरिंग कॉलेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर के विस्तार, सौंदर्यीकरण तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में सचिव ने अंचल अधिकारी रवि कुमार आनंद को कॉलेज के विस्तार के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही कॉलेज के नाम आवंटित भूमि की मापी कराकर शीघ्र चहारदीवारी निर्माण कार्य शुरू करने को कहा। उन्होंने नव निर्मित भवन का भी जायजा लिया और जहां-जहां सुधार की आवश्यकता महसूस हुई, वहां आवश्यक सुधार कार्य कराने का निर्देश दिया।
जानकारी के अनुसार कॉलेज को आधुनिक शैक्षणिक संस्थान के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत छात्राओं के लिए अलग छात्रावास, सेमिनार हॉल, थिएटर हॉल, संगोष्ठी कक्ष, दीक्षांत समारोह हॉल, खेल परिसर, कॉमन रूम, सुरक्षा गार्ड कक्ष, वाहन शेड एवं पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। आउटडोर खेलों के लिए क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स मैदान तथा इंडोर खेलों के लिए टेबल टेनिस एवं बैडमिंटन की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। बताया गया कि पिछले वर्ष बीटेक में नामांकित विद्यार्थियों की पढ़ाई फिलहाल बीआईटी सिंदरी में संचालित की जा रही है। इस शैक्षणिक सत्र से चंदनकियारी स्थित नव निर्मित इंजीनियरिंग कॉलेज में कक्षाएं शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए कॉलेज को सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान बीबीएमकेयू के कुलपति, भवन प्रमंडल के अभियंता, इंजीनियरिंग कॉलेज के अधिकारी एवं कर्मचारी, अंचल अधिकारी रवि कुमार आनंद, ओपी प्रभारी शैलेंद्र कुमार पासवान, राजस्व कर्मचारी कृष्णा प्रसाद सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।


