अभियंताओं की नवोन्मेषी व रचनात्मक सोच समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण: कुलाधिपति
तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ें युवा: कुलाधिपति अभियंताओं का रचनात्मक सोच राष्ट्र के

गढ़वा, प्रतिनिधि। बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, आईटी एंड मैनेजमेंट परिसर में मंगलवार को अभियंता दिवस के अवसर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अभियंत्रण के क्षेत्र में नवाचार, रचनात्मकता, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण में अभियंताओं की भूमिका के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना था। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति दिनेश प्रसाद सिंह ने कहा कि अभियंताओं की नवोन्मेषी व रचनात्मक सोच समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नई सोच के साथ तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज के हित में करने के लिए प्रेरित किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) एमके सिंह ने कहा कि किसी भी तकनीकी विचार को वास्तविकता में बदलने के लिए ज्ञान के साथ-साथ दृढ़ संकल्प, कार्यकुशलता और सही दिशा में प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानकर निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, आईटी एंड मैनेजमेंट के डीन डॉ. पंकज कुमार ने अभियंताओं के नवाचार और रचनात्मक क्षमता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने भारतीय पौराणिक प्रसंग रामायण का उदाहरण देते हुए राम सेतु निर्माण की कथा का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नल और नील के नेतृत्व में राम सेतु के निर्माण की परंपरागत कथा हमें तकनीकी कौशल, योजना, टीमवर्क और गुणवत्ता के महत्व की प्रेरणा देती है। उन्होंने विशेष रूप से गुणवत्ता सुनिश्चित करने और प्रत्येक कार्य को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अभियंता दिवस, नवाचार, तकनीकी विकास एवं राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और अधिक जीवंत एवं प्रेरणादायक बना दिया।कार्यक्रम का समापन श्वेता कुमारी द्वारा प्रस्तुत एक प्रेरणादायक लघु कथा के साथ हुआ। उन्होंने अपनी कहानी के माध्यम से समर्पण, निष्ठा एवं कर्तव्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया और विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। पूरे कार्यक्रम का सफल आयोजन श्रीमती नीतू सिंह के मार्गदर्शन एवं समन्वय में किया गया। उनके कुशल नेतृत्व और प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सौरव अधिकारी, जॉयदीप दत्ता, कुमार राकेश, सुयश श्री राजवंश, रितिक द्विवेदी, सत्यम कुमार सिंह, आकाश कुमार, संतोष सिंह, रौशन शर्मा सुश्री श्वेता पांडेय सहित अन्य शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।


