एफएसडीए ने 1,498 किलो गेहूं का आटा जब्त किया
आगरा में मिलावटी आटा और मैदा उत्पादों के खिलाफ एफएसडीए का विशेष प्रवर्तन अभियान जारी है। बुधवार को 7 नमूने संग्रहित किए गए और 1,498 किलो गेहूं का आटा जब्त किया गया। सहायक आयुक्त खाद्य-2 महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।

आगरा में मिलावटी आटा एवं मैदा उत्पादों के खिलाफ चल रहे एफएसडीए के विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बुधवार को शहर से लेकर देहात तक कार्रवाई हुई। अभियान में एफएसडीए की टीमों ने अलग-अलग जगहों से 7 नमूने संग्रहित किए। इसके साथ ही टीम ने 1,498 किलो गेहूं का आटा जब्त किया। सहायक आयुक्त खाद्य-2 महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि इन दिनों आटा एवं मैदा उत्पादों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को श्याम भोग एंटरप्राइजेज, बसई खुर्द, इरादत नगर से श्याम भोग ब्रांड गेहूं के आटे का एक नमूना लिया गया।
टीम ने यहीं से 42 हजार रुपये से अधिक कीमत का 1,498 किलो गेहूं का आटा मिलावट की आशंका पर जब्त किया गया। इसके साथ ही गोविंद प्रसाद एंड ब्रदर्स, फतेहपुर सीकरी से, विद्या फूड प्रोडक्ट्स, भागूपुर, एतमादपुर से, दुर्गा फूड प्रोडक्ट्स, उस्मानपुर से, अग्रवाल आटा चक्की, बोदला से और अग्रवाल फूड इंडस्ट्रीज, पीर कल्याणी, घटिया आजम खां से रसोई रतन ब्रांड गेहूं के आटे व मैदा का एक-एक नमूना भरा गया। महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


