सौर ऊर्जा से सतत विकास और ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा
फरीदाबाद में मानव रचना विश्वविद्यालय में दो दिवसीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन-2026 का आयोजन हुआ। इस सम्मेलन में विशेषज्ञों और उद्योगपतियों ने सौर ऊर्जा, सतत विकास और ऊर्जा सुरक्षा पर चर्चा की। सम्मेलन का उद्देश्य भारत के लिए स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा के उपायों पर विचार करना था।

फरीदाबाद, अभिषेक शर्मा। मानव रचना विश्वविद्यालय परिसर में दो दिवसीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन-2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में विशेषज्ञों, उद्योगपतियों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं और युवा पेशेवरों ने ‘शांति और सतत विकास के लिए सौर ऊर्जा : भविष्य को सशक्त बनाना’ विषय पर विचार साझा किए। सम्मेलन का उद्देश्य भारत के स्वच्छ, विश्वसनीय, समावेशी और टिकाऊ ऊर्जा संक्रमण के लिए व्यावहारिक उपायों पर चर्चा करना रहा। मानव रचना शिक्षण संस्थान के उपाध्यक्ष डॉ. अमित भल्ला, विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) दीपेंद्र कुमार झा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। उद्घाटन सत्र में सौर ऊर्जा, सतत विकास, ऊर्जा सुरक्षा और शांति के बीच संबंधों पर चर्चा हुई।
विशेषज्ञों ने भारत में तेजी से विकसित हो रहे सौर ऊर्जा तंत्र के साथ ऊर्जा भंडारण, ग्रिड एकीकरण, पुनर्चक्रण और घरेलू निर्माण से जुड़ी चुनौतियों पर विचार रखा। उन्होंने ग्रीन हाइड्रोजन, विकेंद्रीकृत माइक्रोग्रिड, एआई आधारित ग्रिड प्रबंधन और दीर्घकालिक ऊर्जा भंडारण को भविष्य की प्रमुख प्राथमिकताएं बताया। ऊर्जा भंडारण सत्र में बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम और पंप्ड स्टोरेज हाइड्रो की भूमिका पर चर्चा करते हुए ग्रिड स्थिरता और ऊर्जा आपूर्ति में लचीलापन बनाए रखने के लिए प्रभावी नियामक एवं बाजार तंत्र विकसित करने पर जोर दिया गया।----


