विकसित भारत क्विज में युवाओं की सहभागिता कराएं संस्थान : एडीएम
वाराणसी के अपर जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों को 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027' में विद्यार्थियों को सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया। माय भारत डिस्ट्रिक्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक में कार्यक्रम के उद्देश्यों और युवाओं के लिए अवसरों की जानकारी दी गई। क्विज में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं।

वाराणसी, हिटी। अपर जिलाधिकारी (प्रोटोकॉल) विनय कुमार सिंह ने शिक्षण संस्थानों से आह्वान किया है कि वे भारत सरकार की ओर से आयोजित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027’ में अपने-अपने संस्थानों के पात्र विद्यार्थियों एवं युवाओं को विकसित भारत क्विज में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करें ताकि जनपद के अधिकाधिक युवा इस राष्ट्रीय पहल से जुड़ सकें। वह सनबीम स्कूल वरुणा में शुक्रवार को माय भारत डिस्ट्रिक्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के उद्देश्यों, विभिन्न चरणों एवं युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई। युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया。
बैठक की जानकारी
माय भारत, वाराणसी के उप निदेशक विकास सिंह एवं काशी विद्यापीठ के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राहुल ने डायलॉग के विभिन्न चरणों, क्विज, चयन प्रक्रिया तथा युवाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न ट्रैक की जानकारी दी। बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इस क्विज में सहभागिता कर सकते हैं। क्विज 17 अगस्त से शुरू हुई है, जो 30 सितम्बर तक चलेगी। इसमें 20 प्रश्न होंगे तथा प्रतिभागियों को इसे पूरा करने के लिए 10 मिनट का समय दिया जाएगा।
प्रतिभागियों की उपस्थिति
बैठक में सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, कमांडेंट एनसीसी, उप निदेशक भारतीय खेल प्राधिकरण सहित विभिन्न शासकीय एवं गैर-शासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, प्रमुख एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


