इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
फर्रुखाबाद, संवाददाता गौवध अधिनियम के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी से

फर्रुखाबाद, संवाददाता गौवध अधिनियम के मामले में 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी से सोमवार को कायमगंज पुलिस की मुठभेड़ हो गई। आलाकत्ल की बरामदगी कराने ले जाए गए आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागकर तमंचे से फायरिंग कर दी, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि घायल सिपाही को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।पुलिस ने सोमवार को गौवध अधिनियम के मुकदमे में वांछित एवं 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित चंदा उर्फ चांद मियां निवासी अताईपुर को गिरफ्तार किया था। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि घटना में प्रयुक्त बांका और छुरी उसने मीरपुर से कलाखेल जाने वाले खड़ंजा मार्ग के समीप जंगल में छिपा रखी है।
पुलिस टीम आरोपित को बरामदगी के लिए मौके पर लेकर पहुंची। बरामदगी के दौरान आरोपी पुलिस अभिरक्षा से छूटकर भाग निकला और झाड़ियों में छिपाकर रखा तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। फायरिंग में सिपाही प्रवीण घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को चेतावनी दी गई और फायर किया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घायल सिपाही को प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर तमंचा, एक कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक बांका तथा एक छुरी बरामद की है। कायमगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल ने बताया सिपाही प्रवीण भी घायल हुआ है। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आरोपी को गिरफ्तार किया गया। कुछ दिन पहले थाना क्षेत्र में खेत से गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। जबकि इस मुकदमे के अन्य आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। सभी पहलुओं की जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


