चौपाल में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
कुकरा के ग्राम कंधईपुर में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल में महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। विभिन्न हेल्पलाइनों और सरकारी योजनाओं का जानकारी देकर महिलाओं को सशक्त बनाने की कोशिश की गई।

कुकरा। मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत सोमवार को थाना मैलानी क्षेत्र के ग्राम कंधईपुर में महिला चौपाल आयोजित की गई। इसमें महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों सुरक्षा उपायों और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया। चौपाल में 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एंबुलेंस और 1930 साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। महिलाओं की समस्याएं सुनकर जरूरत पड़ने पर संबंधित सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई गई। महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और राष्ट्रीय पोषण मिशन समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र महिलाओं से इनका लाभ उठाने की अपील की गई।बालिकाओं
को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाते हुए किसी भी असहज या संदिग्ध स्थिति में तत्काल परिजनों शिक्षकों अथवा संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

