हस्तकरघा साड़ी प्रशिक्षण से स्वावलंबी बनेंगी महिलाएं
बेरहाबाद पंचायत में 'स्वावलंबी साड़ी संगम' परियोजना के तहत हैंडक्राफ्ट साड़ी निर्माण प्रशिक्षण का दूसरा बैच शुरू हुआ। नाबार्ड के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 30 ग्रामीण महिलाओं को 30 सितंबर से 31 अक्टूबर तक साड़ी बनाना सिखाया जाएगा। उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और तकनीकी कौशल प्रदान करना है।
जमुआ, प्रतिनिधि। प्रखंड की बेरहाबाद पंचायत में बुधवार को ‘स्वावलंबी साड़ी संगम’ परियोजना के तहत हस्तकरघा साड़ी निर्माण प्रशिक्षण के दूसरे बैच का शुभारंभ हुआ। नाबार्ड के सहयोग से आइडिया संस्था द्वारा आयोजित प्रशिक्षण 30 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें 30 ग्रामीण महिलाओं को साड़ी निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन जेएसएलपीएस गिरिडीह के डीपीएम जेवियर एक्का, नाबार्ड डीडीएम हरिहरन सीवी, जेएसएलपीएस बीपीएम प्रमोद झा, मुखिया सोनी देवी, आइडिया की प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर खुशी शर्मा व सामाजिक कार्यकर्ता खुर्शीद अनवर हादी ने संयुक्त रूप से किया। डीपीएम जेवियर एक्का ने कहा कि महिलाएं प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और सीखे कौशल का उपयोग स्वरोजगार के लिए करें।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से पहले अपने लिए साड़ी बनाने और उसके माध्यम से उत्पाद की मार्केटिंग करने की अपील की। नाबार्ड डीडीएम हरिहरन सीवी ने कहा कि हस्तकरघा प्रशिक्षण से ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और परिवार की आय मजबूत होगी।मास्टर ट्रेनर विश्वनाथ शाह ने बताया कि महिलाओं को साड़ी निर्माण की तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी, ताकि प्रशिक्षण के बाद वे घर से ही साड़ी निर्माण कर आय का साधन विकसित कर सकें। आइडिया की खुशी शर्मा ने बताया कि परियोजना का उद्देश्य महिलाओं को कौशल, आजीविका और उद्यमिता से जोड़ना है।

