पूर्णिया: उत्कृष्ट कार्यों, नवाचारों और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्थाओं से प्रत्यक्ष रूप से अवगत होंगे पंचायत प्रतिनधि
पूर्णिया के पंचायत प्रतिनिधियों की 87 सदस्यीय टीम को राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत बनारस के लिए भेजा गया। उन्हें सफल पंचायतों के कार्यप्रणाली, नवाचार और जनभागीदारी को जानने का अवसर मिलेगा। यह यात्रा स्थानीय विकास योजनाओं और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्थाओं को समझने में मदद करेगी।

पूर्णिया से धीरज की रिपोर्ट ग्रामीण विकास को गति देने और पंचायतों को अधिक सशक्त एवं जवाबदेह तथा जनोन्मुख बनाने की दिशा में पंचायत प्रतिनिधियों के अनुभव और क्षमता निर्माण पर सरकार द्वारा लगातार जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में पंचायती राज विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के तहत सोमवार को 87 मुखिया दल को बनारस एक्सपोजर विजिट के लिए रवाना किया गया है। जहां पंचायत प्रतिनिधिगण सफल पंचायतों की कार्यप्रणाली, नवाचार और जनभागीदारी को करीब से समझेंगे। इस एक्सपोजर विजिट में पूर्णिया के साथ-साथ किशनगंज एवं मधेपुरा जिले की विभिन्न पंचायतों के मुखिया भी शामिल हैं।
सोमवार को जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार द्वारा समाहरणालय परिसर से बनारस एक्स्पोज़र के लिए 87 मुखिया के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ शौर्य सुमन एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को देश के विभिन्न क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर किए जा रहे विभिन्न उत्कृष्ट कार्यों,नवाचारों और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्थाओं से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना है। भ्रमण के दौरान प्रतिनिधियों को विभिन्न पंचायतों का दौरा कराया जाएगा,जहां वे स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, स्वच्छता,जनभागीदारी, पंचायत प्रबंधन,उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी सफल पहलों को नजदीक से देखें और समझ सकेंगे।


