योगनगरी की मातृशक्ति हरिद्वार में ले रही योग शिक्षक प्रशिक्षण, घर-घर योग पहुंचाने का संकल्प
समिति की महासचिव शर्मिला के नेतृत्व में मुंगेर की 17 बहनें शिविर में शामिल - 13 से 18 अगस्त तक आयोजित शिविर में पूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज का मिल

मुंगेर, निज संवाददाता। योगनगरी मुंगेर को योग के माध्यम से और सशक्त बनाने की दिशा में जिले की मातृशक्ति ने एक प्रेरणादायी पहल की है। महिला पतंजलि योग समिति, मुंगेर की महासचिव शर्मिला जी के नेतृत्व में जिले की 17 बहनें हरिद्वार में आयोजित पांच दिवसीय मुख्य योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रही हैं। 13 से 18 अगस्त तक महिला पतंजलि योग समिति, हरिद्वार द्वारा आयोजित इस शिविर में बिहार दक्षिण, बिहार उत्तर, राजस्थान और झारखंड की बहनें भी उत्साहपूर्वक शामिल हुई हैं। मुंगेर से पूनम विजय, ब्यूटी कुमार, दीपा शर्मा, सीमा शर्मा, मीना शर्मा, अनिता, बिंदु, बॉबी, रानी गुप्ता, मालती, किरण, सपना पोद्दार, संगीता, शैल, ऊषा, इंदु एवं मीरा जी प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
योग, अध्यात्म और राष्ट्र निर्माण पर मिल रहा मार्गदर्शनः
शिविर में प्रातःकाल नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है, जबकि दोपहर एवं संध्या सत्रों में योग, अध्यात्म, संगठनात्मक विषय और ‘व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। शिविर के दौरान योगऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज का आशीर्वाद पाकर साधिकाओं में नई ऊर्जा और सेवा भावना का संचार हुआ है।
मुंगेर को योगनगरी के रूप में सार्थक बनाना हमारा संकल्प: शर्मिला
समिति की महासचिव शर्मिला जी ने कहा कि यह प्रशिक्षण समाज और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता है। प्रशिक्षण के बाद उनका प्रयास रहेगा कि योग का संदेश मुंगेर के घर-घर तक पहुंचे और लोग इसे दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। आगामी दिनों में पतंजलि परिसर के भ्रमण, परीक्षा और यज्ञोपवीत संस्कार व हवन के साथ शिविर का समापन होगा। इधर, मुंगेर सेवा मंच ने प्रशिक्षण में शामिल सभी बहनों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


