राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में छात्राएं सीखेंगी आत्मरक्षा के गुर
फर्रुखाबाद में बेटियों को विपरीत परिस्थितियों से सामना करने और सशक्त बनाने के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण की योजना बनाई गई है। छह राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में तीन माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें प्रशिक्षक मार्शल आर्ट के विशेषज्ञ होंगे। यह योजना रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के तहत लागू की गई है।

फर्रुखाबाद, संवाददाता। बेटियों को विपरीत परिस्थितियों से सामना करने और शारीरिक रूप से सशक्त बनाने को आत्मरक्षा के गुर सिखाये जायेंगे। जनपद के छह राजकीय माध्यमिक विद्यालय बेटियों को प्रशिक्षण देने के लिए चयनित किए गए हैं। उन्हें तीन माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। प्रशिक्षण मार्शल आर्ट में ब्लेक बेल्ट धारी की ओर से प्रदान किया जायेगा। माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत यह योजना प्रभावी की गयी है। इसे रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण का नाम दिया गया है। प्रशिक्षण की अवधि रोजाना 40 मिनट निर्धारित की गयी है। जो राजकीय माध्यमिक विद्यालय चयनित किए गए हैं उनमें प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों को मानदेय के रूप में तीन माह की अवधि के लिए अधिकतम 15 हजार रुपया मानदेय प्रदान किया जायेगा।
डीआईओएस संजीव कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण देने के लिए आवेदन मांगे गये हैं। 20 जुलाई तक आवेदन किए जा सकते हैं। प्रशिक्षक अपना आवेदन पंजीकृत डाक से या फिर व्यक्तिगत रूप से डीआईओएस कार्यालय में जमा कर सकता है। प्रशिक्षण की अवधि प्रतििदिन 40 मिनट रहेगी। चयनित प्रशिक्षक ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में कार्य करने का इच्छुक हो और प्रशिक्षण के रूप में यथासंभव महिला प्रशिक्षक का ही चयन किया जायेगा।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


