सहकारिता से स्वावलंबन का रास्ता, अभ्यास वर्ग में संगठन विस्तार पर मंथन
सहारनपुर में सहकार भारती ने आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक विकास पर एक कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें सहकारिता को मजबूत करने, स्थानीय संसाधनों से रोजगार में सुधार और युवाओं एवं महिलाओं को नेतृत्व में अवसर प्रदान करने पर विचार विमर्श हुआ। कार्यक्रम में महापौर और अन्य नेताओं ने भाग लिया।

सहारनपुर। सहकार भारती के विभाग स्तरीय अभ्यास वर्ग में शनिवार को सहकारिता को आर्थिक स्वावलंबन और सामाजिक विकास का जरिया बनाने पर मंथन हुआ। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने संगठन के विचार, लक्ष्य और विभिन्न प्रकोष्ठों की भूमिका समझी। कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर डॉ. अजय सिंह, गंगोह विधायक कीरत सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष अभय चौधरी ने किया। अध्यक्षता डीसीएफ चेयरमैन सोमेद्र राणा ने की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कहा कि सहकारिता सामूहिक सहभागिता और स्वावलंबन का माध्यम है। प्रदेश महामंत्री अरविंद दुबे ने नियमित संपर्क, बैठक और प्रशिक्षण से संगठन को गांव स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।
अक्षय ऊर्जा प्रमुख उमाकांत शर्मा ने स्थानीय संसाधनों से रोजगार बढ़ाने की बात कही। अभय चौधरी ने युवाओं और महिलाओं को नेतृत्व में अवसर देने पर जोर दिया। आईटी सेल संयोजक संजय चौहान ने तकनीक के जरिए संगठन विस्तार की बात रखी। विभाग प्रमुख हिमांशु पुंडीर ने किसान, महिला, युवा, किसान उत्पादक संगठन, मत्स्य, गन्ना और अक्षय ऊर्जा क्षेत्र को जोड़ने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष अंचल चौधरी, महामंत्री श्यामवीर सिंह, संगठन प्रमुख वीरेंद्र तोमर, विपिन परमार और सपना चौधरी ने भी विचार रखे।


