नौ सूत्रीय मांगों को लेकर पैक्स कर्मचारियों ने श्रीनगर में की कलमबंद हड़ताल
श्रीनगर में कर्मचारियों ने नौ मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी है। प्रमुख मांगों में एम-पैक्स का पंजीकरण निरस्त करने, मिनी बैंकों की निधि का संरक्षण और ऋण सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाने शामिल हैं। हड़ताल से कृषि गतिविधियों और समितियों के कार्य प्रभावित हुए हैं।
श्रीनगर। पैक्स सचिव, कर्मचारी संयुक्त संगठन उत्तराखंड के प्रांतीय आह्वान पर नौ सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों ने गुरुवार से श्रीनगर स्थित समिति कार्यालय में अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी। समिति सचिव श्रीकोट गंगानाली शशांक बहुगुणा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने बांहों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में समान कार्य एवं व्यवसाय वाली नवगठित एम-पैक्स का पंजीकरण निरस्त करना, मिनी बैंकों की निधि के निष्पक्ष संरक्षण तथा समितियों द्वारा वितरित ऋण की सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाने समेत नौ मांगें शामिल हैं। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से समितियों में ऋण, बचत जमा, दैनिक वसूली समेत कई कार्य प्रभावित रहे।
खिर्सू ब्लॉक क्षेत्र में श्रीकोट गंगानाली, देवलगढ़ और खिर्सू समितियां संचालित हैं, जिसमें तीन से चार कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारियों के अनुसार क्षेत्र में शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण वितरण, बचत जमा और दैनिक वसूली का कार्य प्रभावित हुआ है। वहीं खाद वितरण, फसल कटाई और अन्य कृषि संबंधी गतिविधियों में भी दिक्क़ते हुई। खिर्सू में बुधवार से शुरू हुए मिलेट मिशन के क्रय केंद्र का संचालन भी प्रभावित गतिविधियों के बीच जारी रहा। घस्यारी किट और साइलेज पशुचारा वितरण से जुड़े कार्य भी प्रभावित रहे। कर्मचारियों का कहना है कि एम-पैक्स के गठन से वर्तमान समितियों के कार्यक्षेत्र और सदस्य संख्या पर असर पड़ सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में समितियों के सदस्यों की संख्या पहले से सीमित है। ऐसे में समितियों के विभाजन के बाद सदस्यों के बंटवारे से समितियों के कामकाज और आर्थिक स्थिति पर प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है। कर्मचारियों ने कहा कि यदि चार अक्टूबर तक मांगों का समाधान नहीं किया गया तो पांच अक्टूबर को प्रदेशभर के कर्मचारी देहरादून स्थित निबंधक कार्यालय मियांवाला में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे।

