आकाशयान स्पर्धा में टूटी बैलून की डोर, ग्लाइडर नहीं भर सका उड़ान
हल्द्वानी में गौलापार स्टेडियम में आकाशयान स्पर्धा के दौरान झांसी की टीम का ग्लाइडर उड़ान नहीं भर सका। बैलून की डोर टूटने से मिशन फेल हो गया। टीम के लीडर अरुण सिंह के आंसू बहाने का क्षण भावुक था। हालाँकि, मेयर गजराज बिष्ट ने उन्हें हौसला दिया कि भविष्य में मिली सीख मददगार होगी।
हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। गौलापार स्टेडियम में आयोजित आकाशयान स्पर्धा के दौरान सोमवार को उस समय भावुक पल सामने आया, जब तीन महीने की मेहनत के बाद तैयार किया गया ग्लाइडर ऐन मौके पर उड़ान नहीं भर सका। बैलून से बंधी डोर कमजोर होने के कारण टूट गई और ग्लाइडर जमीन पर गिर गया। मिशन फेल होने से झांसी से आई टीम के सदस्य मायूस हो गए। हालांकि बैलून उड़ान भर गया। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में सोमवार को आकाशयान स्पर्धा के तहत रॉकेट लांचिंग प्रतियोगिता हुई। इस दौरान झांसी निवासी और रॉकेट लांचिंग टीम के लीडर अरुण सिंह ग्लाइडर के उड़ान न भर पाने पर भावुक होकर रो पड़े।
उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने करीब तीन महीने तक इस मिशन की तैयारी की थी। आकाशयान स्पर्धा में बैलून के साथ ग्लाइडर को उड़ाकर एयरोस्पेस से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अध्ययन करना उनका सपना था। उनके अनुसार ग्लाइडर को करीब 35 किलोमीटर तक उड़ान भरनी थी। इसके जरिए ऊंचाई के साथ तापमान में होने वाले बदलाव, जलवायु परिवर्तन से जुड़े कारणों और अन्य पर्यावरणीय मानकों से संबंधित आंकड़े जुटाए जाने थे। इस डाटा को आगे उनकी रिसर्च का हिस्सा बनाया जाना था। लेकिन उड़ान से पहले ही बैलून की डोर टूटने से पूरा मिशन अधूरा रह गया। स्पर्धा में शहर समेत आसपास के कई स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। बच्चों और प्रतिभागियों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों और प्रयोगों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मिशन विफल होने के बाद मुख्य अतिथि मेयर गजराज बिष्ट ने अरुण से मुलाकात कर उन्हें समझाया और हौसला बढ़ाया। टीम ने कहा कि तकनीकी खामी से भले ही इस बार उड़ान नहीं हो सकी, लेकिन इस प्रयोग से मिली सीख आगे की तैयारियों में उपयोगी साबित होगी।

