विधायक ने 108 एंबुलेंस सेवा की बदहाली का मामला सदन में उठाया
चाकुलिया के विधायक समीर मोहंती ने 108 एंबुलेंस सेवा की गंभीर स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आपात चिकित्सा में देरी से मरीजों की मौत हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों को इस सेवा की बदहाली का सबसे ज्यादा नुकसान हो रहा है। सरकार ने कॉल सेंटर की स्थिति सुधारने और नई एंबुलेंस की खरीद का आश्वासन दिया है।

चाकुलिया। शुक्रवार को मानसून सत्र के द्वितीय दिन विधायक समीर मोहंती ने 108 एंबुलेंस सेवा की बदहाल स्थिति को सदन में रखा। विधायक ने कहा कि समय पर आपातकालीन चिकित्सा नहीं मिलने से मरीजों की रास्ते में ही मौत हो रही है। गंभीर मरीजों को महंगे निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है और कॉल सेंटर में फोन नहीं उठने से ग्रामीण व लाचार जनता भारी संकट में है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को 108 एंबुलेंस सेवा की बदहाली का सबसे ज्यादा खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। विधायक ने जल्द उक्त सेवा की स्थिति में सुधार की मांग की। सरकार ने अपने जवाब में बताया कि कॉल सेंटर की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।
कॉल सेंटर में चिकित्सा पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। एंबुलेंस की कमी पर विभाग ने बताया कि 237 एंबुलेंस, 30 एएलएस एवं 281 बीएलएस एंबुलेंस खरीदने का कार्य प्रक्रियाधीन है। जल्द स्थिति में सुधार परिलक्षित होगा।


