अमृत भारत और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में अब मिलेगा इमरजेंसी कोटा
रेलवे बोर्ड ने अमृत भारत और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में इमरजेंसी कोटा लागू करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय आकस्मिक परिस्थितियों में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरा है। पहले केवल महिला, दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए कोटा था, अब इमरजेंसी कोटा भी आरक्षित किया जाएगा।

रेलकोच,संवाददाता। अमृत भारत और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने इन ट्रेनों में इमरजेंसी कोटा लागू करने का निर्णय लिया है। रेलवे बोर्ड के इस फैसले पर रेलवे मेंस यूनियन के नेता रोहित मिश्रा ने खुशी जताते हुए इसे यात्रियों के हित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। रोहित मिश्रा ने बताया कि रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पहले इन ट्रेनों में केवल महिला, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक और ड्यूटी पास कोटा ही लागू था। अब समीक्षा के बाद इमरजेंसी कोटा भी आरक्षित करने का फैसला किया गया है।
उन्होंने बताया कि सात या उससे अधिक स्लीपर कोच वाली अमृत भारत ट्रेनों में 24 बर्थ इमरजेंसी कोटे के लिए आरक्षित की जा सकेंगी। वहीं वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में प्रथम एसी, द्वितीय एसी और तृतीय एसी श्रेणियों में सप्ताह के सामान्य दिनों और सप्ताहांत के लिए अलग-अलग संख्या में इमरजेंसी कोटा निर्धारित किया गया है। आवश्यकता और मांग के अनुसार जोनल रेलवे समय-समय पर इसकी समीक्षा भी कर सकेंगे।रोहित मिश्रा ने कहा कि रेलवे बोर्ड का यह निर्णय आकस्मिक परिस्थितियों में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए काफी राहतभरा साबित होगा। इससे गंभीर बीमारी, पारिवारिक आपात स्थिति व अन्य आवश्यक कारणों से तत्काल यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले की अपेक्षा अधिक सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने यात्रियों के हित में लिए गए इस निर्णय का स्वागत करते हुए रेलवे बोर्ड के प्रति आभार व्यक्त किया


