18 सितंबर को पांच तहसीलों में होगी मॉकड्रिल, परखी जाएंगी आपदा से निपटने की तैयारियां
शाहजहांपुर में 18 सितंबर को आपदा से निपटने के लिए मॉकड्रिल आयोजित होगी। इसमें भूकंप, औद्योगिक आपदा और अग्निकांड से निपटने के तरीकों का अभ्यास किया जाएगा। मॉकड्रिल में कई विभागों की टीमें शामिल होंगी और आम लोगों को जानकारी देने के लिए पोस्टर लगाए जाएंगे।

शाहजहांपुर। जिले में आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 18 सितंबर को पांच तहसीलों में मॉकड्रिल कराई जाएगी। भूकंप, औद्योगिक (रासायनिक) आपदा और अग्निकांड की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा। मॉकड्रिल सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चलेगी।
मॉकड्रिल की प्रक्रिया
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार सदर तहसील में कृभकों फर्टीलाइजर लिमिटेड, पिपरौला में गैस रिसाव और औद्योगिक आपदा से बचाव का अभ्यास होगा। तिलहर में द रेनेशा अकादमी में भूकंप सुरक्षा, पुवायां इंटर कॉलेज में अग्नि आपदा व भूकंप सुरक्षा, जलालाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अग्नि आपदा से बचाव तथा कलान के जानकी महाराज इंटर कॉलेज, मिर्जापुर में अग्नि सुरक्षा का अभ्यास कराया जाएगा।
टीमों की भागीदारी
मॉकड्रिल में एनडीआरएफ, पीएसी, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत, राजस्व और लोक निर्माण विभाग समेत अन्य विभागों की टीमें शामिल होंगी। प्रत्येक स्थल पर स्टेजिंग एरिया, चिकित्सा शिविर और इंसीडेंट कमांड पोस्ट बनाए जाएंगे। जरूरत के अनुसार 20 बेड का फील्ड अस्पताल भी तैयार किया जाएगा।
मॉकड्रिल का उद्देश्य
मॉकड्रिल के दौरान राहत एवं बचाव दल की तत्परता, आपसी समन्वय और संसाधनों की उपलब्धता परखी जाएगी। अभ्यास का वीडियो प्रसारण और मीडिया कवरेज भी कराया जाएगा। आम लोगों को अफवाहों से बचाने के लिए मॉकड्रिल से पहले पोस्टर और बैनर लगाकर इसकी जानकारी दी जाएगी।


