मलेशिया का विमान इंजन में खराबी के बाद चेन्नई में उतरा
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
सोमवार को मलेशिया एयरलाइंस के विमान एमएच-156 ने चेन्नई हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग की। विमान मलेशिया के कुआलालंपुर से सऊदी अरब के जेद्दा जा रहा था, जब इसके एक इंजन में तकनीकी खराबी आई। सभी 186 यात्री सुरक्षित हैं और विमानन कंपनी जांच कर रही है।

चेन्नई, एजेंसी। मलेशिया एयरलाइंस के एक विमान की सोमवार को चेन्नई हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराई गई। विमान के एक इंजन में खराबी के बाद इस विमान को चेन्नई डायवर्ट किया गया था। जानकारी के अनुसार, मलेशिया एयरलाइंस की यह उड़ान मलेशिया के कुआलालंपुर से सऊदी अरब के जेद्दा जा रही थी। 186 यात्रियों को ले जा रही उड़ान संख्या एमएच-156 ने विमान के इंजन संख्या-02 में तकनीकी खराबी के बाद भारतीय एटीसी से संपर्क किया। इसके बाद आपात स्थिति घोषित करने के साथ विमान को चेन्नई हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति दी गई।अधिकारियों ने बताया कि विमान हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतर गया।
इस दौरान वहां नियमानुसार सभी आपात सुरक्षा इंतजाम तैयार रखे गए थे। मलेशिया एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बताया कि विमानन कंपनी और तकनीकी टीमें विमान की जांच कर रही हैं।


