बाढ़ से निपटने को तहसीलों और कलक्ट्रेट पर कंट्रोल रूम एवं जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेन्टर स्थापित
बाढ़ और अतिवृष्टि से निपटने के लिए जिलों और तहसीलों में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। आम जनता अपनी शिकायतें जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर पर दर्ज करा सकती है। सभी कर्मचारियों की शिफ्ट में उपस्थिति अनिवार्य है और निरीक्षण किया जाएगा।

बाढ़ व अतिवृष्टि से निपटने तथा खोज एवं बचाव व राहत कार्यों के प्रबंधन के लिए जिला मुख्यालय एवं तहसीलों में कंट्रॉल रूम स्थापित कर दिए गए हैं। साथ ही आमजन को विकास खंड, तहसील अथवा जनपद मुख्यालय पर न आना पड़े उनकी सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए शिकायत प्रकोष्ठ (जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेन्टर) के रूप में भी जिला मुख्यालय पर संचालन किया जाएगा। कन्ट्रोल रूम एवं शिकायत प्रकोष्ठ (जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेन्टर) का दुरभाष नम्बर- 05922-252100 एवं 05922-252800 है जिस पर आमजन अपनी शिकायत दर्ज करा सकते है। डीएम डा. नितिन गौड़ ने बताया कि कन्ट्रोल रूम एवं शिकायत प्रकोष्ठ (जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेन्टर) पर शिफ्टवार टीम प्रभारी अधिकारी/कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने डिप्टी कलेक्टर चन्द्रकान्ता को कंट्रोल रूम एवं शिकायत प्रकोष्ठ (जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेन्टर) का प्रभारी अधिकारी नामित किया है। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम में तैनात सभी कर्मचारी व अधिकारी अपनी शिफ्ट में उपस्थित रहेंगे तथा जब तक अगली शिफ्ट के कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित नहीं होते तब तक प्रथम शिफ्ट के कर्मचारी/अधिकारी अपनी शिफ्ट नहीं छोड़ेंगे। कंट्रोल रूम में तैनात सभी कर्मचारी व अधिकारी की प्रतिदिन उपस्थिति अनिवार्य है। डीएम द्वारा कन्ट्रोल रूम में कभी भी किसी भी शिफ्ट का निरीक्षण किया जा सकता है। जो कर्मचारी/अधिकारी शिफ्ट में अनुपस्थित रहेगें उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कंट्रोल रूम जिला अमरजेन्सी ऑपरेशन सेन्टर में तैनात कर्मचारी / शिफ्ट प्रभारी का वेतन आहरण इस कार्यालय से उपस्थिति प्राप्त करने के उपरांत ही आहरण किया जाएगा।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


