मप्र : महिला एवं उसके गर्भस्थ जुड़वा बच्चों की मौत
मध्यप्रदेश के मंडला जिले में समय पर एंबुलेंस न मिलने के कारण 28 वर्षीय रुक्मणी नरेती और उसके गर्भ में पल रहे जुड़वा बच्चों की मौत हो गई। पति प्रीतम नरेती ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस 108 पर कॉल करने के बावजूद समय पर नहीं आई। अस्पताल पहुंचने पर महिला को मृत घोषित कर दिया गया।

पति ने समय से एंबुलेंस न मिलने का लगाया आरोप मंडला (मध्यप्रदेश), एजेंसी। मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल मंडला जिले में मंगलवार शाम समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने के कारण एक महिला और उसके गर्भ में पल रहे जुड़वा बच्चों की मौत हो गई।बीजाडांडी विकासखंड के ग्राम सलैया की 28 वर्षीय रुक्मणी नरेती के पति प्रीतम नरेती ने आरोप लगाया कि प्रसव पीड़ा पर जननी एंबुलेंस सेवा के लिए 108 नंबर पर फोन किया, लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर ने जवाब दिया कि अभी गाड़ी उपलब्ध नहीं है। वे निजी साधन से मरीज को ले जाएं। इसके बाद गांव से गाड़ी बुलवाई और बीजाडांडी के शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निकले।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। हालांकि, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि गर्भवती महिला सिकल सेल बीमारी से पीड़ित थी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी एवं बच्चों की मौत हो गई थी।


