Rudrapur News: हादसे में इलेक्ट्रिशियन की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज
Rudrapur News: रुद्रपुर में सड़क पर स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के दौरान एक इलेक्ट्रिशीयन शिवंज कुमार तमांग की मौत हो गई। एक अज्ञात वाहन ने हाइड्रा को टक्कर मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Rudrapur News: रुद्रपुर, वरिष्ठ संवाददाता। राष्ट्रीय राजमार्ग-74 स्थित बगवाड़ा में स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के दौरान हुए सड़क हादसे में इलेक्ट्रिशीयन की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसा 13 जुलाई की शाम हुआ था, जब एक वाहन ने हाइड्रा को टक्कर मार दी थी। काशीपुर-सितारगंज हाईवे प्रालि के इंसिडेंट मैनेजर पवन कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कंपनी राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर सड़क प्रकाश व्यवस्था (स्ट्रीट लाइट) के रखरखाव का कार्य कर रही थी। इसके लिए ओम हाइड्रोलिक, किच्छा से किराये पर हाइड्रा वाहन लिया गया था। सोनभद्र उत्तर प्रदेश निवासी इलेक्ट्रिशियन शिवंज कुमार तमांग हाइड्रा की बकेट में सुरक्षा उपकरणों के साथ खड़े होकर स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कर रहे थे।
आरोप है कि सोमवार शाम करीब 5:15 बजे टाटा-407 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए हाइड्रा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शिवंज कुमार तमांग ऊंचाई से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से श्री राममूर्ति मेडिकल कॉलेज बरेली रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


