कैमूर-रोहतास के 177 बसावटों में होगा विद्युतीकरण
कैमूर और रोहतास जिले के 21644 घरों में पावर ग्रिड के जरिए बिजली पहुंचाई जाएगी। राज्य सरकार ने 351.85 करोड़ रुपये की लागत मंजूर की है। यह योजना ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण होगी, जिससे छात्रों को बेहतर अध्ययन का माहौल, घरेलू उपयोग में सहूलियत और छोटे व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा।

दोनों जिलों के 21644 घरों में पावर ग्रिड से पहुंचायी जाएगी बिजली कैबिनेट की बैठक में 351.85 करोड़ की पुनरीक्षित लागत की मंजूरी (पेज तीन) भभुआ, नगर संवाददाता। कैमूर और रोहतास जिले के ऐसे घरों के लिए बड़ी राहत की खबर है, जहां अब तक ग्रिड से बिजली नहीं पहुंच सकी है। खासकर कैमूर के अधौरा प्रखंड के गांव रोशन किए जाएंगे। राज्य सरकार ने दोनों जिलों की 177 बसावटों, जिनमें 132 गांव शामिल हैं के 21644 घरों को ग्रिड से विद्युतीकरण करने की योजना की पुनरीक्षित लागत को मंजूरी दे दी है। 30 सितंबर को हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में पुनरुत्थान वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत इसकी लागत 117.80 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 351.85 करोड़ रुपये करने की स्वीकृति दी गई। योजना के तहत दूरदराज के गांवों और पहाड़ी क्षेत्रों में बिजली के खंभे, तार, ट्रांसफार्मर और अन्य जरूरी विद्युत संरचनाएं स्थापित की जाएंगी।
बिजली विभाग की तैयारी
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता शशिकांत कुमार ने बताया कि कैबिनेट से राशि रिलीज हो चुकी है और योजना का टेंडर भी हो गया है। अब वन क्षेत्र की भूमि पर काम शुरू करने के लिए संबंधित प्रक्रिया के तहत किए जाने वाले भुगतान की कार्रवाई चल रही है।
विद्युत कार्यों का समय
15 दिनों बाद शुरू हो जाएगा काम विद्युत कार्यपालक अभियंता ने बताया कि अगले 10 से 15 दिनों के भीतर भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद करीब 15 दिन के बाद विद्युतीकरण का कार्य जमीन पर शुरू कराया जाएगा। विभाग की प्राथमिकता है कि काम शुरू होने के बाद निर्धारित समय सीमा में सभी चयनित बसावटों तक बिजली का नेटवर्क पहुंचाया जाएगा।
रुचि और रोजगार में सुधार
भभुआ, नगर संवाददाता। ग्रिड से बिजली पहुंचने के बाद इन बसावटों के हजारों परिवारों को बिजली की सुविधा मिलने के साथ घरेलू उपयोग, पढ़ाई, छोटे कारोबार और अन्य दैनिक गतिविधियों में भी सहूलियत होगी। विद्यार्थियों को रात में पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा, जबकि ग्रामीण परिवार मोबाइल चार्जिंग, पंखे, सिंचाई और छोटे घरेलू उपकरणों का उपयोग कर सकेंगे। बिजली पहुंचने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विभाग की ओर से भुगतान और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कार्य शुरू करने की तैयारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में कैमूर के बिजली से वंचित इलाकों में विद्युत आधारभूत संरचना के विस्तार की दिशा में काम तेजी पकड़ने की उम्मीद है। योजना पूरी होने पर दोनों जिलों के हजारों परिवारों को लाभ मिलेगा।

