बारिश में जलभराव से हादसों का खतरा, एडवाइजरी जारी
बारिश के मौसम में बिजली विभाग ने हादसों से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोगों को जलजमाव में खड़े बिजली पोल और ट्रांसफार्मरों से दूर रहने की सलाह दी गई है। बारिश में करंट लगने का खतरा बढ़ गया है। उपभोक्ताओं को सुरक्षित रहने के लिए सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

बारिश के मौसम में जहां-तहां पानी जमा होने से बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर और लाइनों से हादसों का खतरा बढ़ गया है। बिजली विभाग ने हादसों से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोगों को जलजमाव के बीच खड़े बिजली पोल और ट्रांसफार्मरों से दूर रहने की सलाह दी है। बारिश में करंट लगने से हादसों का खतरा बढ़ गया है। बिजली विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। एसडीओ राजकुमार मिश्रा ने बताया कि बारिश के दौरान बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और ओवरहेड तारों को न छुएं। आजकल नमी की वजह से इनमें करंट उतर सकता है। बिजली का तार टूटकर सड़क या पानी में गिरा हुआ हो, तो दूर से ही सावधान हो जाएं। पशुओं को बिजली के खंभों और इसकी सपोर्ट वायर से न बांधें। आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और लाइनों के नीचे खड़े न हों। घर के बराबर में या रास्ते पर बिजली के खंभों, लाइनों और ट्रांस्फार्मरों से दूरी बनाएं। खेत की मेड़ पर बिजली खंभा लगा होने पर जुताई करने से बचें। झूलते तारों और बिजली खंभे या लाइन में स्पार्किंग की सूचना तुरंत लाइनमैन या बिजलीघर को दें। कटिया डालते समय भी हादसा हो सकता है, ऐसा बिल्कुल भी न करें.
घरों में ये बरतें सावधानियां
-गीले फर्श पर खड़े होकर बिजली के स्विच या बोर्ड को हाथ न लगाएं ।
-घर या बेसमेंट में पानी भरने पर मेन स्विच को बंद कर दें ।
-आंधी, बारिश के दौरान टीवी, एसी, फ्रिज, कंप्यूटर आदि को अन प्लग कर दें।
-केवल अच्छी क्वालिटी के आईएसआई मार्का स्विच, एमसीबी, इएलसीबी आदि बिजली उपकरणों का ही प्रयोग करें।
-घर में बिजली फिटिंग कराते समय अर्थिंग जरूर कराएं।
उपभोक्ताओं को चाहिए कि बारिश में करंट लगने से बचाव की एडवाइजरी पर अमल करें। आपूर्ति संबंधी समस्या, टूटे हुए तार या स्पार्किंग की सूचना तुरंत विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर दें।
- आरपी सिंह, एसई
बारिश में बिजली से संबंधित सामान्य प्रश्न
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


