करंट से मौत मजदूरों की मौत पर परिजनों का हंगामा
-मकान मालिक और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप -पुलिस चौकी में शिकायत देकर कार्रवाई

फरीदाबाद,संवाददाता।सेक्टर-14 में सीवर कनेक्शन के लिए खुदाई के दौरान करंट लगने से दो मजदूरों की मौत का मामला तूल पकड़ रहा है। मृतकों के परिजनों ने मकान मालिक और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शुक्रवार की सुबह पीड़ित परिवार ने सेक्टर-14 पुलिस चौकी के समक्ष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है。
मृतकों के परिवार की शिकायत
पुलिस को दी शिकायत में बल्लभगढ़ की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी रानी देवी ने बताया कि उनके ससुर 55 वर्षीय मनीष चौधरी मजदूरी का काम करते थे। गुरुवार सुबह वह अपने साथियों रवी, रतीराम, सहनसाह और सूरज के साथ सेक्टर-14 में सीवर कनेक्शन का कार्य करने गए थे। आरोप है कि उन्हें केवल नामक व्यक्ति ने मकान मालिक सुशील राजपूत और ठेकेदार लक्ष्मण के पास काम के लिए भेजा था।
घटना का विवरण
शिकायत के अनुसार खुदाई के दौरान मनीष चौधरी और सहनसाह गड्ढे में उतरकर लोहे की रॉड से काम कर रहे थे। इसी दौरान रॉड जमीन के अंदर मौजूद बिजली की लाइन से टकरा गई, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। करंट लगने से दोनों मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का आरोप
परिजनों का आरोप है कि मकान मालिक और ठेकेदार ने खुदाई शुरू कराने से पहले बिजली विभाग को कोई सूचना नहीं दी और न ही सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए। उनकी इसी लापरवाही के कारण दोनों मजदूरों की जान गई।
पुलिस की कार्रवाई
कोट
परिजनों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिजली विभाग को नोटिस देकर यह पता लगाया जाएगा कि तार निजी है या फिर विभाग की है। दोनों शव का पोस्टमार्टम कराकर दिया गया है।
यशपाल, पुलिस प्रवक्ता


