करंट की चपेट में आने से दुधारू भैंस की मौत, पशुपालक ने मुआवजे की लगाई गुहार
तारापुर के बिहमा गांव में एक दुधारू भैंस बिजली के करंट की चपेट में आकर मारी गई। भैंस की मृत्यु से पशुपालक मोहन यादव के परिवार को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। मृत भैंस गर्भवती थी और इसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये थी। यादव ने बिजली विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है।

तारापुर,निज संवाददाता। तारापुर थाना क्षेत्र के बिहमा गांव में बिजली के करंट की चपेट में आने से एक दुधारू भैंस की मौत हो गई। घटना से पशुपालक के परिवार के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। जानकारी के अनुसार, बिहमा गांव निवासी पशुपालक मोहन यादव बुधवार को अपनी भैंस को चारा खिलाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान सुल्तानगंज-देवघर एसएच-22 सड़क मार्ग से सटे भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के समीप पूर्व दिशा में स्थित एक मकान के पास भैंस अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गई। तेज करंट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर तारापुर थाना से 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पीडित पशुपालक ने बताया कि मृत भैंस गर्भवती और दुधारू थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये थी। भैंस के दुध से होने वाली आय ही परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन था। पीडित मोहश यादव ने बिजली विभाग से उचित मुआवजा देने की गुहार लगाई है।


