कम वेतन के विरोध में इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन ठप
मेरठ में अनुबंध से कम वेतन के विरोध में इलेक्ट्रिक सिटी बस परिचालकों ने कार्य बहिष्कार कर दिया, जिससे 45 बसों का संचालन ठप हो गया। यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। आउटसोर्स फर्म ने वेतन का अनुबंध नहीं निभाने पर परिचालकों ने धरना दिया।

मेरठ। अनुबंध से कम वेतन के विरोध में शुक्रवार को इलेक्ट्रिक सिटी बस परिचालकों ने कार्य बहिष्कार कर दिया, जिसके चलते 45 इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया। बसों के रूट पर नहीं जाने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मेरठ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड अधिकारी परिचालकों से वार्ता करते रहे लेकिन देर शाम तक भी बात नहीं बनी। हिंदू स्वाभिमान परिषद ने भी लोहियानगर डिपो पहुंचकर परिचालकों के धरने को समर्थन दिया और ठेका फर्म को परिचालकों का शोषण नहीं होने देने की चेतावनी दी। लोहियानगर थाना पुलिस ने भी कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कर्मचारी धरने से नहीं उठे।
कर्मचारियों का विरोध
कर्मचारियों का कहना है कि आउटसोर्सिंग फर्म ने संविदा परिचालकों को 4.26 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान करने का अनुबंध किया था लेकिन इसी फर्म ने रायबरेली में 3.16 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से परिचालकों को भुगतान किया है। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी ने 3.16 रुपये प्रतिकिलोमीटर के हिसाब से भुगतान की बात कही है। आउटसोर्स फर्म ने न ही कर्मचारियों की जमा 30 हजार रुपये की सिक्योरिटी वापस की है। उसे समायोजन के नाम पर अपने पास रखा हुआ है। जब तक आउटसोर्स फर्म 4.26 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान नहीं करेगी और पीएफ और स्वास्थ्य कार्ड की व्यवस्था नहीं करेगी तब तक बसों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। देर शाम तक अधिकारी परिचालकों को मनाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन बात नहीं बनी थी। डिपो एआरएम सचिन सक्सेना ने बताया कि बस परिचालकों ने कम वेतन भुगतान करने के विरोध में शुक्रवार को कार्य बहिष्कार कर दिया। सुबह 6 बजे से बसों का संचालन ठप करके परिचालक धरना देकर बैठे हुए हैं। कर्मचारियों और आउटसोर्स फर्म प्रबंधन की बातचीत जारी है.
यात्री परेशान
बसों का संचालन ठप होने से यात्री परेशान इलेक्ट्रिक सिटी बसों का संचालन शहर के 6 प्रमुख रूटों पर होता है। इन सभी रूटों पर रोजाना करीब 45 बसें संचालित की जाती हैं। शुक्रवार को बसों का चक्का जाम होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मेडिकल से बेगमपुल मेट्रो स्टेशन, मोदीपुरम, मेरठ साउथ, सिटी स्टेशन आदि के लिए बसें नहीं मिलने पर यात्री परेशान रहे।


