24 जुलाई तक घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। 24 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। प्रारंभिक मतदाता सूची 31 जुलाई को जारी होगी, जबकि अंतिम सूची 3 अक्तूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। उपायुक्त ने सभी से सहयोग की अपील की है।

फरीदाबाद, सरसमल। भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। नए शेड्यूल के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अब 24 जुलाई तक घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का संग्रह और मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। प्रारूप मतदाता सूची 31 जुलाई को प्रकाशित होगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 3 अक्तूबर 2026 को जारी की जाएगी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार हरियाणा में मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी सभी गतिविधियां अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाएंगी। अभियान के दौरान बीएलओ मतदाताओं से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों का संकलन करेंगे, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके。
मतदाता सूची का प्रारूप
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया भी 24 जुलाई तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 31 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा, जिससे मतदाता अपने विवरण की जांच कर सकेंगे।
दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया
निर्वाचन विभाग के अनुसार प्रारूप प्रकाशन के बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 3 अक्तूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
मतदाताओं से अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि यदि उनका सत्यापन अभी शेष है या बीएलओ द्वारा कोई दस्तावेज मांगा गया है तो वे आवश्यक सहयोग करें, ताकि पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा हो सके।


