एसआईआर को लेकर बेलपहाड़ी में विशेष कैंप लगा
बरहरवा प्रखंड में चुनाव आयोग के निर्देश पर विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का उद्देश्य मतदाता सूची से संबंधित दावे-आपत्तियों और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करना था। कुल 186 ग्रामीणों को नोटिस दिया गया, जिनमें से 50 ने आवश्यक दस्तावेज जमा कर सत्यापन प्रक्रिया पूरी की।

बरहड़वा, प्रतिनिधि। चुनाव आयोग के निर्देश पर बरहरवा प्रखंड के बूथ संख्या 104 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेलपहाड़ी में मंगलवार को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर विशेष कैंप लगाया गया। कैंप में मतदाता सूची से संबंधित दावा-आपत्ति और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन का कार्य किया गया। कैंप में सीओ अनोज कुमार कर्मियों के साथ मौजूद थे। एसआईआर के तहत पूर्व में नोटिस प्राप्त ग्रामीणों ने कैंप में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेज व प्रमाण पत्र जमा किए। जानकारी के अनुसार, कुल 186 लोगों को नोटिस दिया गया था। इनमें मंगलवार को 50 लोगों ने आवश्यक दस्तावेज जमा कर सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराई।
इस दौरान अंचल कर्मियों ने ग्रामीणों को एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देते हुए आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समय में जमा करने के लिए प्रेरित किया। अंचलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चुनाव आयोग के निर्देश पर यह प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बेलपहाड़ी गांव का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान एसआईआर से संबंधित दावा-आपत्ति और दस्तावेज जमा कराने के लिए गांव में विशेष कैंप लगाने का निर्देश दिया गया था। इसी के तहत कैंप आयोजित किया गया।


