नंदीग्राम समेत पांच सीटों पर चुनाव छह अक्तूबर को
चुनाव आयोग ने तीन राज्यों की पांच विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा की है, जिसमें पश्चिम बंगाल का नंदीग्राम शामिल है, जो मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के चुनाव जीतने के बाद खाली हुआ है। मतगणना 9 अक्टूबर को होगी। इसके अलावा असम और तमिलनाडु के कुछ अन्य सीटों पर भी चुनाव होने हैं।

नई दिल्ली, एजेंसी। चुनाव आयोग ने सोमवार को तीन राज्यों की पांच विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा की। इनमें पश्चिम बंगाल नंदीग्राम सीट भी शामिल है, जो मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भवानीपुर से विधायक रहने के निर्णय के बाद खाली है। शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों जगह से चुनाव जीता था। भवानीपुर में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था। पश्चिम बंगाल में रेजीनगर विधानसभा सीटों के लिए भी चुनाव होगा। टीएमसी से निष्कासन के बाद हुमायूं कबीर ने आम जनता उन्नयन पार्टी बनाकर रेजीनगर और नाओदा दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी।
बाद में रेजीनगर सीट छोड़ दी। इनके अलावा तमिलनाडु में मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी में थट्टनचावडी सीटों पर भी चुनाव होना है। आयोग ने बताया कि मतगणना नौ अक्तूबर को होगी।इनके साथ असम में नागांव लोकसभा सीट पर भी चुनाव होगा। 2024 में यहां से प्रद्युत बोरदोलोई कांग्रेस के टिकट पर जीते थे, लेकिन बाद में वह भाजपा में शामिल होकर दिसपुर से विधायक चुने गए। वहीं, मेघालय में शिलांग और पश्चिम बंगाल में बशीरहाट लोकसभा सीटों के लिए चुनाव का ऐलान नहीं किया गया है।


