बारिश से ढहा कच्चा मकान, वृद्धा की दबकर मौत
अमेठी में एक वृद्ध महिला, फूलकली यादव, अपने कच्चे मकान की दीवार गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई। यह घटना बुधवार सुबह घटी जब वह सो रही थीं। मलबे में दो बकरियों की मौत हो गई और दो बकरियां घायल हुईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और प्रशासन से मदद की मांग की गई है।

अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के सूबेदार का पुरवा मजरे गंगौली गांव में बुधवार की सुबह कच्चे मकान की दीवार गिरने से एक वृद्ध महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। मलबे में दबने से मकान में बंधी दो बकरियां भी मर गई, जबकि दो बकरियां घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय फूलकली यादव पत्नी स्व. बाबूलाल अपने कच्चे मकान में सो रही थीं। रात में रिमझिम बरसात हो रही थी। बुधवार की सुबह लगभग पांच बजे कच्चा मकान भरभराकर गिर पड़ा। अचानक दीवार गिरने से वह मलबे में दब गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े और उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
मकान के अंदर चार बकरियां भी बंधी थीं। मलबे में दबने से दो बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने वृद्धा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सपा नेता शिव प्रताप यादव ने बताया कि घटना की जानकारी क्षेत्रीय लेखपाल को दे दी गई है। प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की गई है। उपजिलाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया नियमानुसार पीड़ित परिवार की मदद की जाएगी।


