ओझागुनी के शक में बुजुर्ग की टांगी से हत्या, आरोपी महिला गिरफ्तार
गुरतुर गांव में 65 वर्षीय बुजुर्ग की अंधविश्वास के शक में हत्या कर दी गई। आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मृतक के पुत्र ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने उन्हें बचाने के बजाय तमाशा देखा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बालूमाथ, प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के गुरतुर गांव में अंधविश्वास और ओझागुनी के शक में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की टांगी से वार कर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है। मृतक की पहचान गुरतुर गांव निवासी केशव राम के रूप में हुई है।
घटनाक्रम
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरतुर गांव की रहने वाली सुनीता कुमारी अचानक एक अधनिर्मित आवास के पास पहुंची और टांगी से केशव राम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के समय मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी। मृतक के पुत्र संजय राम का आरोप है कि लोगों ने उनके पिता को बचाने का प्रयास करने के बजाय तमाशबीन बने रहना उचित समझा।
आरोपी महिला की पहचान
बताया जाता है कि आरोपी महिला का ससुराल गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में है। वह पिछले लगभग तीन माह से अपने मायके गुरतुर में रह रही थी। घटना के बाद आरोपी महिला ने कहा कि उसके पिता प्रसाद भुईयां की मौत ओझागुनी के कारण हुई थी और उसे आशंका थी कि उनके परिवार को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इसी कारण उसने यह कदम उठाया।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी महिला को तत्काल गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया गया। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला ओझागुनी से जुड़े अंधविश्वास का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।


