मड़ियांव थाने के सामने नगर निगम के रिटायर सुपरवाइजर की हत्या,पौत्र गंभीर

हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

फोटो फ्लैग: मड़ियांव थाने के पास बाइक के टक्कर के विवाद में सनसनीखेज वारदात -कबाड़ी

मड़ियांव थाने के सामने नगर निगम के रिटायर सुपरवाइजर की हत्या,पौत्र गंभीर

मड़ियांव थाने के सामने शनिवार सुबह बाइक की हल्की टक्कर लगने पर कबाड़ी ने नगर निगम के रिटायर सुपरवाइजर और उनके पौत्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दादा की मौत हो गई, जबकि पौत्र की हालत गंभीर है। पुलिस की दो टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक, उनई कोठार अटरिया सीतापुर निवासी नगर निगम के रिटायर सुपरवाइजर मगन बिहारी तिवारी (70) परिवार के साथ इंद्रलगंज, भरत नगर मड़ियांव में रहते थे।

हादसे का विवरण

एडीसीपी उत्तरी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे मगन बिहारी पोते संकल्प के साथ बाइक से बिजली का बिल जमा करने जा रहे थे। मड़ियांव थाने के सामने देसी शराब के ठेके के पास उनकी बाइक कबाड़ी के ठेले से टकरा गई। मामूली टक्कर को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर आरोपी ने चाकू से मगन बिहारी तिवारी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। दादा को बचाने दौड़े संकल्प पर भी आरोपी ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमले के बाद आरोपी ऑटो में बैठकर भाग गया। पुलिस ने दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मगन बिहारी को मृत घोषित कर दिया। संकल्प का इलाज चल रहा है, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस की कार्रवाई

इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान राजकुमार उर्फ मलाई के रूप में की गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

परिवार में मचा कोहराम

बेटे प्रदीप तिवारी ने बताया कि पिता सुबह टहलने के बाद पोते के साथ बिल जमा जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार ट्रॉमा सेंटर पहुंचा। मौत की खबर सुनते ही पत्नी माया और बहू का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।

थाने से चंद कदम पर वारदात

वारदात मड़ियांव थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। दिनदहाड़े हुई हत्या से पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। एडीसीपी ने बताया कि आरोपी आदतन कबाड़ी है और नशे का आदी बताया जा रहा है। जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

बिल जमा करने निकले थे दादा-पोता

मृतक के बेटे प्रदीप तिवारी ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े 10 बजे पिता मगन बिहारी तिवारी और बेटा संकल्प नाश्ता करने के बाद बिजली का बिल जमा करने बाइक से जा रहे थे। एक माह का बिजली बिल 5270 रुपये आया था। प्रदीप ने बताया कि कई बार उन्होंने बेटे से ऑनलाइन बिल जमा करने के लिए कहा था, लेकिन पिता मना कर देते थे। शनिवार को भी दोनों रुपये लेकर बिजली का बिल जमा करने जा रहे थे।

सीसीटीवी की डीवीआर लिया कब्जे में

पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच तेज कर दी है। पुलिस ने बताया कि वारदात मड़ियांव थाने के सामने देसी शराब ठेके के पास हुई थी। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी राजकुमार उर्फ मलाई वारदात के बाद ऑटो में बैठकर भागता दिखा। साक्ष्य मिटने की आशंका पर पुलिस डीवीआर को कब्जे में लेकर थाने ले गई है।

सड़क पर 20 मीटर तक बिखरा रहा खून

सड़क पर करीब 20 मीटर तक खून बिखरा पड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कबाड़ी राजकुमार उर्फ मलाई के हमले के बाद दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर भीड़ जुट गई, लेकिन लोग तमाशबीन बने रहे और वीडियो बनाते रहे। करीब 15 मिनट तक दोनों सड़क पर तड़पते रहे। पुलिस के मुताबिक, सूचना पर पहुंची टीम ने दोनों को ऑटो से ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। तब तक सड़क पर खून के निशान दूर तक फैल चुके थे। बाद में फॉरेंसिक टीम ने मौके से खून के सैंपल और साक्ष्य जुटाए।

सामान्य प्रश्न

✦कब यह घटना हुई थी?−
यह घटना शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे हुई थी।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsमड़ियांव थाने के सामने नगर निगम के रिटायर सुपरवाइजर की हत्या,पौत्र गंभीर