ट्रेन से गिरे बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत
कानपुर देहात के पतरा हॉल्ट स्टेशन के पास एक बुजुर्ग मेमू ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार में शोक की लहर दौड़ गई, और पुलिस ने घटनास्थल पर जांच शुरू की।

कानपुर देहात, संवाददाता। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर स्थित पतरा हॉल्ट स्टेशन के पास मेमू ट्रेन से गिरकर रविवार सुबह एक एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको गंभीर हालत में उपचार के लिए हैलट अस्पताल भेजा गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जानकारी होते ही उनके घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।रूरा थाना क्षेत्र के रोशनमऊ गांव के रहने वाले किसान राम भरोसे रविवार सुबह करीब 9 बजे अपनी बड़ी पुत्री सुनीता के यहां अंबियापुर जाने के लिए घर से निकले थे। कानपुर से इटावा की ओर जाने वाली मेमू ट्रेन में पतरा स्टेशन से अंबियापुर के लिए रवाना हुए।
ट्रेन में ज्यादा भीड़ होने के कारण वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गए। इससे उनका बांया हाथ कट गया। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने उनके परिजनों को जानकारी देने के साथ ही स्टेशन मास्टर को भी जानकारी दी। इसके बाद आरपीएफ पुलिस चौकी रूरा से वहां पहुंचे जवान उनके परिजनों के साथ बुजुर्ग को उपचार के लिए हैलट अस्पताल कानपुर ले गए। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जानकारी होते ही उनके घर में कोहराम मच गया। पिता की मृत्यु से पुत्र विमलेश व कुलदीप, पुत्री गुड़िया व सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आरपीएफ चौकी इंचार्ज रूरा राहुल यादव ने बताया कि चलती ट्रेन से गिरने से हादसा होने की बात छानबीन में सामने आई है। हैलट अस्पताल में मौत के बाद स्वरूपनगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।


