पीएम किसान योजना का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी जल्द पूर्ण करें : डीएम
पीएम किसान सम्मान निधि योजना कीअनुश्रवण एवं शिकायत निवारण समिति की हुई बैठक जिले में 99.88 प्रतिशत ई-केवाईसी कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा मात्र 234 मामले हैं लंबित

हाजीपुर। निज संवाददाता जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय अनुश्रवण एवं शिकायत निवारण समिति की बैठक की गई। बैठक में योजना की प्रगति, ई-केवाईसी, एनपीसीआई ,सेल्फ रजिस्ट्रेशन, शिकायतों के निष्पादन तथा लाभुकों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत
बैठक के प्रारंभ में जिला कृषि पदाधिकारी-सह-सदस्य सचिव ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के उद्देश्य एवं लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2018-19 से प्रारंभ इस योजना के अंतर्गत पात्र कृषक परिवारों को कृषि निवेश में सहयोग हेतु प्रतिवर्ष ₹6,000 की सहायता राशि तीन समान किस्तों में उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि 2019 से पूर्व जिन किसानों का नाम जमा बंदी/भूमि अभिलेख में दर्ज है, वे भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं, बशर्ते वे आयकर के दायरे में नहीं आते हों।
समीक्षा में प्रगति
समीक्षा के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि वैशाली जिले में कुल 2,74,429 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की जा चुकी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 85,765 लाभार्थियों की फार्मर रजिस्ट्री दर्ज है। योजना के तहत 2,01,322 किसानों का ई-केवाईसी किया जाना है, जिसमें से 2,01,088 किसानों का ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है। इस प्रकार जिले में 99.88 प्रतिशत ई-केवाईसी का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा मात्र 234 मामले लंबित हैं। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि शेष सभी लंबित ई-केवाईसी मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले में शत-प्रतिशत ई-केवाईसी का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। अमिताभ सिंह


