शैक्षणिक भ्रमण से लौटे पीएम श्री विद्यालयों के 60 छात्र-छात्राएं, ऐतिहासिक धरोहरों का किया अध्ययन
झारखंड के पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय कोटाम और पीएम श्री राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय गारू के कुल 60 छात्र-छात्राओं ने चार दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण में भाग लिया। बच्चे ओडिशा के कई ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का अवलोकन करते हुए विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त की। शिक्षक छात्रों की सुरक्षा एवं मार्गदर्शन के लिए साथ गए थे।

गारू, प्रतिनिधि। जेईपीसी झारखंड रांची के तत्वावधान में आयोजित शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम में पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय कोटाम एवं पीएम श्री राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय गारू के कुल 60 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। चार दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के बाद सभी छात्र-छात्राएं और शिक्षक 31 अगस्त की शाम सकुशल गारू लौट आए। 27 से 30 अगस्त तक आयोजित भ्रमण में दोनों विद्यालयों से 30-30 विद्यार्थी शामिल हुए। पीएम श्री राजकीय मध्य विद्यालय कोटाम से प्रधानाध्यापक प्रसाद बैठा एवं शिक्षिका सबिता एक्का, जबकि पीएम श्री राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय गारू से शिक्षक प्रदीप सिंह एवं कंचन लकड़ा विद्यार्थियों के साथ भ्रमण पर गए।
शिक्षकों ने यात्रा के दौरान बच्चों की सुरक्षा, अनुशासन और मार्गदर्शन की जिम्मेदारी निभाई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ओडिशा के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों का अवलोकन किया। बच्चों ने प्रसिद्ध नंदनकानन प्राणी उद्यान, विश्व प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर, चंद्रभागा समुद्र तट तथा ओडिशा राज्य संग्रहालय सहित अन्य दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें प्राचीन इतिहास, स्थापत्य कला, संस्कृति, कला एवं जैव विविधता की जानकारी मिली। इससे उनकी जिज्ञासा और व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि हुई। मौके पर कई अन्य शिक्षक भी साथ रहे।


