समस्याओं के समाधान को हर माह लगेगा ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’
राज्य सरकार ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए नई पहल शुरू की है। 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' हर महीने के चौथे मंगलवार को आयोजित किया जाएगा, जिसकी शुरुआत 25 अगस्त 2026 से होगी। विद्यार्थी शिकायतें एवं सुझाव दे सकेंगे, और शिकायतों का निस्तारण 30 दिनों में होगा।

खजौली, निज प्रतिनिधि। राज्य सरकार ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए एक नई पहल शुरू की है।
विद्यार्थी सहयोग शिविर
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी प्रमंडलीय आयुक्तों, जिला पदाधिकारियों तथा पुलिस अधीक्षकों को निर्देश जारी करते हुए प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ आयोजित करने का आदेश दिया है। इसकी शुरुआत 25 अगस्त 2026 से होगी। यदि चौथे मंगलवार को अवकाश रहेगा तो शिविर अगले कार्य दिवस में आयोजित किया जाएगा।
शिकायतों के समाधान
सरकार के सचिव मो. सोहैल द्वारा जारी पत्र के अनुसार राज्य के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, मेडिकल कॉलेजों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, नर्सिंग स्कूलों, छात्रावासों तथा विशेष विद्यालयों में यह शिविर लगाया जाएगा। विद्यार्थियों की शिकायतों एवं सुझावों के लिए 17 अगस्त को ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का लोकार्पण किया जाएगा, जहां केवल संबंधित संस्थानों के वास्तविक छात्र ही पंजीकरण कर सकेंगे।
समस्याओं की सूचना
शिविर और पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थी कक्षाओं के संचालन, शिक्षकों की उपस्थिति, परीक्षा एवं परिणाम में विलंब, अवैध शुल्क वसूली, बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रयोगशाला, बैठने की व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सुझाव भी दे सकेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण अधिकतम 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। इसके लिए पोर्टल पर एल-1, एल-2 और एल-3 स्तर के पदाधिकारियों को अधिकृत किया गया है। यदि कोई विद्यार्थी समाधान से संतुष्ट नहीं होता है तो उसकी शिकायत की सुनवाई मुख्यमंत्री स्तर पर आयोजित राज्य स्तरीय सहयोग शिविर में की जा सकेगी।


