11 सूत्रीय मांगों को लेकर ऐडेड विद्यालय कर्मियों ने भरी हुंकार
शिक्षकगण और सरकारी विद्यालय कर्मियों की मांगों को लेकर ऐडेड विद्यालय कर्मियों ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष सुधीर पाठक की अगुवाई में, संगठन ने 11 सूत्री मांगों के समर्थन में ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपा। उन्होंने कहा कि अशासकीय विद्यालय कर्मियों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।

शिक्षकों की तरह कैशलेस इलाज की सुविधा दिए जाने, योग्यताधारी कर्मचारियों की शिक्षक पद पर पदोन्नति किए जाने व पुरानी पेंशन योजना की बहाली आदि मांगों को लेकर ऐडेड विद्यालय कर्मियों ने हुंकार भरी। बुधवार को संगठन जिलाध्यक्ष सुधीर पाठक की अगुवाई में माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ ने प्रांतीय आह्वान पर बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक को अपनी 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौपा। जिलाध्यक्ष ने सरकार पर अशासकीय विद्यालय कर्मियों की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया। कहा राजकीय विद्यालय कर्मियों को उपार्जित अवकाश का नकदीकरण सेवानिवृत्ति के समय कर दिया जाता है पर अशासकीय विद्यालय कर्मियों को नहीं।
इसी तरह राजकीय विद्यालय कर्मियों को पदोन्नति के समय ट्रिपल सी की बाध्यता नहीं है केवल टाइपिंग के आधार पर उनकी पदोन्नति कर दी जाती है। वही अशासकीय विद्यालय कर्मियों की बिना ट्रिपल सी के पदोन्नति नहीं हो सकती। मांगों के संबंध में ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक शतानंद शर्मा को सौंपा। इस दौरान जिला मंत्री कृपाल सिंह, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष अनिल गर्ग, सिब्ते रजा, अजीत सिंह, अतुल शर्मा, दिनेश कुमार, गौरी शंकर, श्याम कुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

