प्रगति खराब मिलने पर दुद्धी और नगवां बीईओ को फटकार
प्रगति खराब मिलने पर दुद्धी और नगवां बीईओ को फटकार शिक्षा समीक्षा बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विद्यालयो

सोनभद्र, संवाददाता। विकास भवन सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय शिक्षा समीक्षा बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में हुई बैठक में विद्यालयों में शिक्षक-छात्र उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं, निरीक्षण, निर्माण कार्य, विद्युत संयोजन, नामांकन और विभिन्न पोर्टल पर डाटा अपडेट की समीक्षा की गई। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर दुद्धी और नगवां के खंड शिक्षा अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 19 मानकों की समीक्षा में जिले के 2061 विद्यालयों का औसत इंफ्रास्ट्रक्चर सैचुरेशन 94.30 प्रतिशत पाया गया। सीडीओ ने विद्यालयवार गैप एनालिसिस तैयार कर शेष कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने के निर्देश दिए।
शिक्षकों की अनधिकृत अनुपस्थिति के 45 मामलों में कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई। परिषदीय विद्यालयों में विद्युत संयोजन की समीक्षा में 278 लक्षित विद्यालयों में 78 में संयोजन हो चुका है, जबकि 200 विद्यालयों में कार्य शेष है। विद्यालयों के आसपास हाईटेंशन तारों के विस्थापन की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सितंबर में ब्लॉक टास्क फोर्स ने 750 के लक्ष्य के सापेक्ष 725 निरीक्षण किए, जबकि जिला टास्क फोर्स ने 215 के लक्ष्य के सापेक्ष 144 निरीक्षण किए। प्रेरणा एप व डिजिटल रजिस्टर की समीक्षा में 2064 विद्यालयों में से 1,336 में डिजिटल रजिस्टर का कम से कम एक बार उपयोग पाया गया। नामांकन डाटा का विद्यालयवार सत्यापन कर शत-प्रतिशत अपडेट करने को कहा गया। बैठक में डीएमएफ और सीएसआर से कराए जा रहे कार्यों, केजीबीवी, मध्याह्न भोजन, डीबीटी, दिव्यांग बच्चों के चिन्हांकन एवं नामांकन तथा आरटीई के तहत प्रवेश और शुल्क प्रतिपूर्ति की भी समीक्षा हुई।

