शिक्षा जागरण के युगद्रष्टा थे गणेशप्रसाद वर्णी जी
फोटो- 1कैप्सन- जन्मभूमि हंसेरा में वर्णी विकास सभा की ओर से स्थापित वर्णी जी मूर्तिशिक्षा जागरण के युगद्रष्टा थे गणेशप्रसाद वर्णी जीजनपद के विभिन्न क्

ललितपुर। जब भी शिक्षा जगत में किसी व्यक्ति विशेष के योगदान की बात होती है तो मड़ावरा ब्लाक स्थित हंसेरा ग्राम में जन्मे शिक्षा उन्नायक क्षुल्लक श्री 105 गणेशप्रसाद वर्णी जी का नाम स्वत: लोगों की जुबान पर आ जाता है। उनकी जन्म जयंती पर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। श्री महावीर दिगंबर जैन संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साढूमल के पदाधिकारियों ने वर्णी जी के अवदान पर अपने विचार रखे। विद्यालय के हेड ट्रस्टी डॉ. सुनील जैन भोपाल ने कहा कि वर्ष 1917 में क्षुल्लक श्री गणेशप्रसाद वर्णी जी की प्रेरणा से सेठ लक्ष्मीचंद जी रईस बमराना वालों ने अपनी चंचला लक्ष्मी को ज्ञानहित में समर्पित करते हुए साढूमल में पाठशाला का शुभारंभ कराया था।
यही संस्था आगे चलकर श्री महावीर दिगम्बर जैन संस्कृत विद्यालय व श्री गणेशप्रसाद वर्णी छात्रावास के रूप में विकसित हुई। आज देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। विद्यालय के गृहपति पंडित संतोष शास्त्री ने बताया कि विद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने वाले पांच स्नातकों को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा यहां के अनेक स्नातक मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल स्तर पर भी सम्मानित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्था की शैक्षणिक परंपरा और वर्णी जी की दूरदर्शी शिक्षा-दृष्टि की सार्थकता को दर्शाती है। विद्यालय के ट्रस्टी सेठ सुधीर जैन झांसी ने कहा कि इस विद्यालय ने उस समय ज्ञान की ज्योति प्रज्ज्वलित की, जब बुंदेलखंड में शिक्षा के गिने चुने ही केंद्र थे। स्थापना काल से लेकर आज तक यह संस्था धर्म, संस्कृति और प्राच्य शिक्षा की ध्वजा निरंतर फहरा रही है। ट्रस्टी कन्छेदी लाल जैन मड़ावरा ने कहा कि पूज्य वर्णी जी का जन्म मड़ावरा के समीप हँसेरा ग्राम में आज से 152 वर्ष पूर्व हुआ था। उनका जीवन और कृतित्व शिक्षा तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। शिक्षा के क्षेत्र में उनका अवदान अतुलनीय है। विद्यालय के ट्रस्टी देवेन्द्र कुमार जैन साढूमल ने कहा कि वर्णी जी ने शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए जो कार्य किया, उसका ऋण समाज की आने वाली पीढ़ियां भी नहीं चुका सकतीं। उत्तरांचल उत्तर प्रदेश तीर्थक्षेत्र कमेटी के संयुक्त महामंत्री एवं विद्यालय के ट्रस्टी डा. सुनील जैन ‘संचय’ ने कहा कि वर्णी जी की प्रेरणा और मार्गदर्शन से सैकड़ों पाठशालाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ। दयालुता, निर्लोभता और दृढ़ता जैसे अनेक गुणों से संपन्न वर्णी जी की अजातशत्रुता उनके व्यक्तित्व की विशिष्ट पहचान थी। एक अवसर पर जबलपुर में आयोजित आमसभा में स्वतंत्रता आंदोलन के सेनानियों की सहायता के लिए वर्णी जी ने अपनी चादर तक समर्पित कर दी थी। उस चादर से तत्काल तीन हजार रुपये की राशि प्राप्त होना उनके त्याग और प्रभाव का उल्लेखनीय उदाहरण था। भारतीय प्राच्य विद्याओं के संरक्षण एवं संवर्धन में वर्णी जी का योगदान इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा।


