तीन महीने में शिक्षकों की समस्याएं निपटा दें, नहीं तो कार्रवाई
मुजफ्फरपुर में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों की लंबित समस्याओं को तीन महीने के भीतर सुलझाने का निर्देश दिया। उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल के सहारे शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करने की व्यवस्था की और स्कूलों में सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की बात कही।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। तीन महीने के भीतर शिक्षकों की लंबित समस्याओं को निपटा दें। इसके बाद अगर समस्या पेंडिंग मिलती है तो संबंधित जिले के अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। गुरुवार को जिले में पहुंचे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि स्कूल से लेकर शिक्षकों तक की समस्याओं को दूर करने के लगातार प्रयास किये जा रहे हैं।
शिक्षकों की समस्याओं का समाधान
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षकों को कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल समेत कई नई व्यवस्था की गई है। सभी शिक्षा कार्यालयों में केन्द्रीकृत मॉनिटरिंग सिस्टम शुरू किया गया है। सिंगल विंडो जहां शिक्षकों की समस्याओं पर त्वरित सुनवाई होती है। हर सप्ताह इसकी समीक्षा करवाई जाती है और रिपोर्ट ली जाती है। शिक्षा मंत्री ने स्थानांतरण को लेकर कई तरह की अफवाह और इसमें आ रही शिक्षकों की परेशानी को भी स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि अभी सरप्लस शिक्षकों का स्थानांतरण किया जा रहा है। शिक्षकों के दिए विकल्प से ही स्कूल मिला है। ऐच्छिक स्थानांतरण है। ऐसे में कोई दबाव नहीं है, लेकिन नियमावली के अनुसार महिला शिक्षकों को अपनी पंचायत और पुरुष शिक्षक को अपने प्रखंड में नहीं रहना है।
शिक्षकों की संख्या और शैक्षणिक विकास
बच्चों की उपस्थिति और शैक्षणिक विकास में बाधा बर्दाश्त नहीं:
शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूलों में जरूरत के अनुसार सभी संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शिक्षकों की संख्या भी अब स्कूलों में ठीक है। ऐसे में अब पूरा ध्यान पढ़ाई लिखाई पर देना है। बच्चों की उपस्थिति और शैक्षणिक विकास में बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्थानांतरण का मामला
स्थानांतरण को लेकर चुनाव आयोग से मांगा मार्गदर्शन
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन को लेकर स्थानांतरण का मामला रुक गया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग को इस बाबत पत्र भेजकर मार्गदर्शन मांगा गया है। एक-दो दिनों में मामला स्पष्ट हो जाएगा।


