डीआरसीसी से छह माह से नहीं मिली शिक्षा ऋण की राशि
मुंगेर में शिक्षा ऋण स्वीकृत होने के बावजूद समय पर राशि नहीं मिलने से छात्रों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्रों ने पिछले कई महीनों से राशि की प्रतीक्षा की है, जिससे उन्हें फीस जमा करने में परेशानी हो रही है। छात्रों ने अधिकारियों से जल्द राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।

मुंगेर,निज प्रतिनिधि। जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) से शिक्षा ऋण स्वीकृत होने के बाद भी छात्र-छात्राओं को समय पर राशि नहीं मिल रही है। इससे उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई विद्यार्थियों का कहना है कि पिछले कई महीनों से शिक्षा ऋण की राशि का इंतजार कर रहे हैं। राशि नहीं मिलने के कारण संस्थान की फीस जमा करने में परेशानी हो रही है। यदि जल्द राशि नहीं मिली तो आर्थिक मजबूरी में पढ़ाई छोड़ने की नौबत आ सकती है। छात्र-छात्राओं ने बताया कि शिक्षा ऋण के लिए डीआरसीसी में आवेदन करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया पूरी की गयी। इसके बावजूद राशि मिलने में काफी समय लग रहा है। दूसरी ओर संबंधित शिक्षण संस्थानों की ओर से फीस जमा करने के लिए कहा जा रहा है। समय पर फीस नहीं जमा होने से विद्यार्थियों को अगले सत्र की पढ़ाई और परीक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र अपने स्तर से फीस की व्यवस्था करने में सक्षम नहीं हैं。
छह महीने से राशि का इंतजार
बीसीए की पढ़ाई कर रहे अनुभव कुमार ने बताया कि, पटना में पढ़ाई के लिए शिक्षा ऋण पर निर्भर हैं। राशि समय पर नहीं मिलने से फीस और पढ़ाई से जुड़े अन्य खर्चों को लेकर परेशानी हो रही है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे मनोज कुमार ने भी शिक्षा ऋण की राशि जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं बीटेक की छात्रा मनीषा कुमारी ने बताया कि उन्हें करीब छह महीने से राशि मिलने का इंतजार है। समय पर भुगतान नहीं होने से पढ़ाई जारी रखने को लेकर चिंता बढ़ रही है। छात्रों का कहना है कि, शिक्षा ऋण योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हासिल करने में मदद करना है। लेकिन राशि मिलने में देरी से योजना का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है। विद्यार्थियों ने संबंधित अधिकारियों से लंबित मामलों की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शिक्षा ऋण की राशि उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि फीस जमा हो सके और उनकी पढ़ाई बाधित न हो।
बोले प्रबंधक
मुंगेर डीआरसीसी में प्राप्त आवेदन को वित्त निगम पटना भेज दिया गया है। यहां एक भी आवेदन पेंडिंग नहीं है। वित्त निगम से ही राशि का आवंटन किया जाना है।
कुमार नीतीन , प्रबंधक, डीआरसीसी, मुंगेर।


