ओटीआर में सुस्ती पर शिक्षा विभाग सख्त, तीन दिन में पूरा करना होगा लक्ष्य
ओटीआर में सुस्ती पर शिक्षा विभाग सख्त, तीन दिन में पूरा करना होगा लक्ष्य ओटीआर में सुस्ती पर शिक्षा विभाग सख्त, तीन दिन में पूरा करना होगा लक्ष्यओटीआर

कटिहार, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि छात्रवृत्ति सहित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जरूरी वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) की धीमी प्रगति पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिले में ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अब तक एससी-एसटी वर्ग के केवल 34.49 प्रतिशत और बीसी-ईबीसी वर्ग के 38.52 प्रतिशत छात्र-छात्राओं का ही ओटीआर दर्ज हो सका है। संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर विभाग ने सभी प्रखंडों को अलर्ट करते हुए तीन दिनों के भीतर शेष पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत ओटीआर पूरा कराने का निर्देश दिया है।
कार्रवाई का निर्देश
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) पंकज कुमार ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर अभियान मोड में काम करने को कहा है। निर्देश दिया गया है कि अपने-अपने प्रखंड के विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक और नामित नोडल कर्मियों को सक्रिय कर हर पात्र छात्र-छात्रा का ओटीआर ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर दर्ज कराया जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगली समीक्षा में यदि किसी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई मिली तो संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
प्रगति की निगरानी
विभाग ने विद्यालयवार प्रगति की लगातार निगरानी करने का भी निर्देश दिया है। जिला प्रतिनिधि एवं पिरामल फाउंडेशन को भी इस अभियान की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर रिपोर्ट विभाग को उपलब्ध कराई जा सके। अधिकारियों का मानना है कि समय रहते ओटीआर पूरा होने से पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
कार्य में कोताही
डीपीओ पंकज कुमार ने कहा कि सभी बीईओ अपने प्रखंड के विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं संबंधित नोडल कर्मियों को सक्रिय कर शेष सभी पात्र एससी-एसटी एवं बीसी-ईबीसी छात्र-छात्राओं का ओटीआर ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर हर हाल में अगले तीन दिनों के भीतर पूरा कराएं। अगली समीक्षा में कार्य में कोताही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


